क्या दूसरे वनडे में नहीं खेलेंगे रोहित? बैटिंग कोच ने बताया पूरा प्लान

क्या दूसरे वनडे में नहीं खेलेंगे रोहित? बैटिंग कोच ने बताया पूरा प्लान


एडिलेड: रोहित शर्मा और विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भले ही अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए, लेकिन भारत के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक उनकी फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं और उनका मानना ​​है कि ये सीनियर खिलाड़ी अच्छी लय में हैं और अगले दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे. ऐडिलेड में खेले जाने वाले वनडे मैच से पहले सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा को लेकर ये दावा किया जा रहा था कि उन्हें ड्रॉप कर दिया जाएगा और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को मौका मिलेगा, लेकिन बैटिंग ने साफ कर दिया है कि रोहित और विराट दोनों सीरीज के सभी मैच खेलेंगे.

बता दें कि भारत पर्थ में पहला मैच सात विकेट से हार गया था और अब वह गुरुवार को सीरीज का दूसरा मैच खेलेगा. कोटक से जब पर्थ में रोहित के आठ रन और कोहली के शून्य पर आउट होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि रोहित और कोहली की बल्लेबाजी में किसी तरह की कमजोरी है. वे आईपीएल में खेले थे और उनकी तैयारी काफी अच्छी रही है. मुझे लगता है कि दोनों के पास काफी अनुभव है.’’

रोहित-विराट की तैयारी जबरदस्त

सीतांशु कोटक बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया आने से पहले ही उनकी तैयारियां बहुत अच्छी थीं. इसलिए मुझे लगता है कि अभी ऐसा सोचना कि उनकी फॉर्म को लेकर चिंता है ये जल्दबाजी होगा.’’ कोहली और रोहित दोनों ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे में खेलते हैं.

कोटक ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वे दोनों बहुत अच्छी लय में दिख रहे हैं. उन्होंने कल वाकई अच्छी बल्लेबाजी की. हर नेट सत्र में उनका अपने खेल के प्रति दृष्टिकोण शानदार रहा है.’’ यह पूछे जाने पर कि मार्च में चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद राष्ट्रीय टीम से लंबे ब्रेक के दौरान क्या टीम प्रबंधन रोहित और कोहली के संपर्क में था, कोटक ने हां में जवाब दिया.

रोहित-विराट के फिटनेस में कोई कमी नहीं

उन्होंने कहा, ‘‘हम उनकी तैयारियों और उनकी फिटनेस की स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ थे. वे कभी-कभी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी जाते हैं. हमें वहां से अपडेट और वीडियो मिलते हैं. वे क्या कर रहे हैं, उनकी अभ्यास दिनचर्या, फिटनेस संबंधी काम इन सब की हमें जानकारी थी. लेकिन हम हमेशा ऐसा नहीं करते थे. सीनियर खिलाड़ियों के मामले में अगर जरूरत ना हो तो आप हस्तक्षेप नहीं करना चाहेंगे.’’

भारत पहला वनडे सात विकेट से हार गया क्योंकि बारिश के कई व्यवधानों के कारण मैच 26-26 ओवर का रह गया. कोटक ने कहा कि लगातार ब्रेक का असर भारतीय बल्लेबाजों पर पड़ा. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अगर ऑस्ट्रेलिया पहले बल्लेबाज़ी करता तो भी स्थिति ऐसी ही होती. जब आपको पता नहीं होता कि आपको कितने ओवर बल्लेबाजी करनी है, तो रणनीति बनाना आसान नहीं होता है.’’



Source link