जेब में रखे थे पटाखे, रॉकेट लगने पर फूटे: शिवपुरी में कागज में बारूद निकालकर जलाने पर भड़का; दो मामलों में किशोर झुलसे – Shivpuri News

जेब में रखे थे पटाखे, रॉकेट लगने पर फूटे:  शिवपुरी में कागज में बारूद निकालकर जलाने पर भड़का; दो मामलों में किशोर झुलसे – Shivpuri News



शिवपुरी जिले में दीपावली के बाद आतिशबाजी चलाने के दौरान दो अलग-अलग हादसों में दो बच्चे झुलस गए। इनमें एक 15 साल और एक 10 साल का बालक शामिल है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

.

पहली घटना मायापुर थाना क्षेत्र के तिजारपुर गांव में हुई। यहां सुमित यादव (15) अपने बड़े भाई के साथ घर के आंगन में आतिशबाजी चला रहा था। सुमित ने अपने पेंट की जेब में एक दर्जन से अधिक छोटे पटाखे रखे हुए थे।

इसी दौरान उसके भाई द्वारा जलाया गया एक रॉकेट ऊपर जाने के बजाय सुमित की जेब से टकरा गया। इससे जेब में रखे पटाखों में आग लग गई और जोरदार धमाके हुए, जिससे सुमित बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने उसे तत्काल रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पेंट काटकर शरीर से अलग किया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

दूसरी घटना शिवपुरी शहर की पीएसक्यू कॉलोनी में हुई। यहां आशु जाटव (10) अपने साथी आर्यन खरे के साथ खेल रहा था। उन्हें आतिशबाजी की एक चकरी मिली, जिसका बारूद उन्होंने कागज पर निकालकर आग लगा दी। अचानक बारूद भड़क गया और दोनों बच्चे झुलस गए।

आशु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आर्यन को मामूली चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है।



Source link