शुभमन गिल की कप्तानी के कायल हुए रिकी पोंटिंग, बताया टीम इंडिया का असली योद्धा

शुभमन गिल की कप्तानी के कायल हुए रिकी पोंटिंग, बताया टीम इंडिया का असली योद्धा


ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच दूसरे वनडे मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने शुभमन गिल की कप्तानी की तारीफ की है. पोंटिंग ने कहा है कि जब भी टीम मुश्किल में होती है और उनकी जरूरत होती है वह असली योद्धा के रूप में उभरकर सामने आते हैं.  पोंटिंग ने गिल की फाइटिंग स्पिरिट की भी तारीफ की. बता दें कि गिल बतौर वनडे कप्तान अपनी पहली सीरीज खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए उन्हें रोहित शर्मा की जगह वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया. इससे पहले रोहित शर्मा के अचानक संन्यास के बाद उन्हें टेस्ट फॉर्मेट की भी कमान सौंप दी गई थी. गिल के भविष्य में टीम इंडिया के तीनों फॉर्मेट में कप्तान बनने की पूरी उम्मीद है. वह फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव के डिप्टी हैं.

गिल की ‘फाइटिंग स्पिरिट’ की तारीफ

पोंटिंग ने शुभमन गिल की कप्तानी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि जब भी टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तो उनका असली जुझारू रूप सामने आता है. IPL में गुजरात टाइटंस के कप्तान रहने के बाद गिल ने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली. 26 साल के गिल ने टीम का नेतृत्व अच्छी तरह से किया और 5 टेस्ट मैचों में 4 शतकों के साथ 754 रन बनाए, जिससे भारत ने सीरीज 2-2 से बराबर की. इसके बाद गिल को रोहित शर्मा की जगह वनडे कप्तान बनाया गया. भले ही पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला वनडे मैच भारत के प्लान के हिसाब से नहीं रहा, लेकिन पोंटिंग गिल की कप्तानी से प्रभावित हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


गिल का पसंद आया ये अंदाज

ICC रिव्यू पर बात करते हुए ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज ने कहा कि गिल कुछ मौकों पर अपने सामान्य स्वभाव से थोड़ा अलग दिखे, लेकिन उन्होंने टीम पर अपना अधिकार जमाया. पोंटिंग ने कहा, ‘मुझे इंग्लैंड की एक बहुत अच्छी टीम के खिलाफ यूके में उन्होंने जो किया, वह बहुत पसंद आया. कुछ ऐसे पल थे जब शायद वह थोड़ा अपने स्वभाव से बाहर थे. उन्होंने टीम पर अपनी छाप छोड़ने और उनके लिए खड़े होने के लिए वो किया जो उन्हें करना था. उन्होंने बहुत जल्दी टीम पर अपना अधिकार जमा लिया और उन्होंने बल्ले से उदाहरण पेश करके नेतृत्व किया.’

जब सामने आया गिल का आक्रामक रूप

आम तौर पर मैदान पर बहुत शांत रहने वाले गिल ने इंग्लैंड दौरे के दौरान अपना आक्रामक पक्ष दिखाया, जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी. पोंटिंग ने कहा कि उस समय गिल के अंदर का असली योद्धा बाहर आया और वह इस बात से बहुत प्रभावित हुए. पोंटिंग ने कहा, ‘वह आम तौर पर काफी शांत और मैदान पर ठंडे दिमाग के रहते हैं, लेकिन जब उनकी टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तो वह असली लड़ने वाला, एक तरह के योद्धा के रुप में बाहर आया. मैं देश का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी भी खिलाड़ी से यही देखना चाहता हूं.’



Source link