खरखड़ी, बड़ा भावटा की घटनाओं से आदिवासी समाज में आक्रोश: आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष ने एसपी से की कार्रवाई की मांग – alirajpur News

खरखड़ी, बड़ा भावटा की घटनाओं से आदिवासी समाज में आक्रोश:  आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष ने एसपी से की कार्रवाई की मांग – alirajpur News


आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र के बड़ा भावटा और खरखड़ी में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने चिंता जताई है। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग क

.

खरखड़ी में ग्रामीणों के मकानों और ढालियों में आगजनी, फायरिंग और लूटपाट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने नकदी और आभूषण भी लूट लिए।

इसी गांव में एक महिला पर ‘डाकनी’ होने का आरोप लगाकर उसके परिवार को गांव से बाहर कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं और मारपीट की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि थाने में दर्ज अपराध में वास्तविक घटनाओं का विवरण दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस ने सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।

वहीं, बड़ा भावटा में राजू जमरा नामक व्यक्ति मृत पाए गए। परिवार ने इसे हत्या का मामला बताया है, क्योंकि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे और हाथ बंधे हुए थे। परिजनों का आरोप है कि अपराध में दर्ज प्राथमिकी में राजनीतिक दबाव के कारण घटनाओं का विवरण बदल दिया गया है और जांच निष्पक्ष नहीं हुई है। परिवार ने मामले की दोबारा जांच की मांग की है।

महेश पटेल ने दोनों गांवों के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने आलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को इन घटनाओं की जानकारी दी। पटेल ने तत्काल निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

पटेल ने चेतावनी दी है कि यदि इन मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो वे यह मुद्दा भोपाल में पुलिस महानिदेशक (DGP) के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा, “आदिवासी समाज के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”



Source link