Pakistan Squad for South Africa ODI T20I Series: पाकिस्तान क्रिकेट और विवाद का रिश्ता गजब का रहा है. वहां हमेशा कुछ न कुछ ऐसा होता है, जिस पर सबको हंसी आ जाती है. कुछ समय पहले यह कहा गया कि खराब स्ट्राइक रेट के कारण दो अहम खिलाड़ी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को टी20 इंटरनेशनल टीम में से बाहर किया गया है. दोनों को स्ट्राइक रेट बढ़ाने के लिए कहा गया था. अब इसमें कितना सुधार हुआ ये तो पता नहीं, लेकिन क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में बाबर की वापसी हो गई. वह टेस्ट और वनडे के बाद अब क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भी लौट आए हैं.
बाबर का हालिया प्रदर्शन ऐसा रहा
यह हंसी की बात है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में अर्धशतक लगाने के बाद बाबर ने सीधे टी20 फॉर्मेट में वापसी कर ली. उन्होंने रावलपिंडी में 87 गेंदों पर 50 रन बनाए. इससे पहले सीरीज की तीन पारियों में बाबर का स्कोर 23, 42 और 16 रन था. इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों में उनका स्कोर 47, 0, 9 था. इन प्रदर्शनों के आधार पर बाबर का सेलेक्शन टी20 टीम में हो गया.
एक साल बाद बाबर की वापसी
बाबर लगभग एक साल बाद टी20 टीम में आए हैं. पाकिस्तान 28 अक्टूबर से रावलपिंडी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलेगा. वह अगले महीने श्रीलंका और जिम्बाब्वे के साथ T20I ट्राई सीरीज में भी हिस्सा लेगा.खराब स्ट्राइक रेट के कारण दिसंबर 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 खेलने के बाद बाबर को टीम से बाहर कर दिया गया था.
ये भी पढ़ें: 17 साल और 304 मैच… पहली बार विराट कोहली से हो गया ‘ब्लंडर’, ODI क्रिकेट में बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
फखर, हारिस और रऊफ टीम से बाहर
15 सदस्यीय टी20 टीम में विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के लिए अभी भी कोई जगह नहीं है. पिछले महीने की एशिया कप टीम से सलामी बल्लेबाज फखर जमान, मोहम्मद हारिस और तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को बाहर कर दिया गया है. पाकिस्तान एशिया कप में उपविजेता रहा था. वह फाइनल में भारत से हार गया था. तेज गेंदबाज नसीम शाह, बल्लेबाज अब्दुल समद और विकेटकीपर उस्मान खान को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. सलमान अली आगा ही टीम के कप्तान रहेंगे.
वनडे टीम में बनी रही रिजवान की जगह
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20I के बाद पाकिस्तान 4 से 8 नवंबर तक उनके साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज की मेजबानी करेगा. इस सप्ताह वनडे कप्तान के रूप में शाहीन शाह अफरीदी से बदले गए मोहम्मद रिजवान वनडे टीम में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: कप्तान बदल गए, मैदान बदल गया.. लेकिन नहीं बदली टीम इंडिया की किस्मत, 2 साल से ये क्या हो रहा?
टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम
सलमान आगा (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान, उस्मान तारिक.
वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसीबुल्लाह खान, हसन नवाज, हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम, नसीम शाह, सैम अयूब, सलमान आगा.