रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के अमहा गांव में गुरुवार देर रात दो ट्रैक्टर-ट्राली आपस में टकरा गई। हादसे में अब मरने वालों की संख्या कुल 3 हो गई है। इसके पहले एक व्यक्ति स्पॉट पर ही खत्म हो गया था। जबकि चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
.
वहीं, एक वृद्ध राम विशाल साकेत जिनकी उम्र 55 वर्ष थी। उन्हें देर रात प्राथमिक जांच में ही डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद घायलों को तत्काल गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद सभी को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर में 12 लोग सवार होकर सिरमौर क्षेत्र में मऊगंज से एक बरहो कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में लकड़ी से लदा दूसरा ट्रैक्टर सामने से आ गया और दोनों ट्रैक्टरों में जबरदस्त टक्कर हो गई। वाहनों में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे।
सीएमओ डॉ. सौरभ गोयल ने बताया कि हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से स्पॉट पर एक की मौत हो गई है और 4 की हालत गंभीर है। सभी का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय मुनि साकेत, 15 वर्षीय मोहन साकेत और 55 वर्षीय रामविशाल साकेत के रूप में हुई है।