राउ क्षेत्र में रहने वाले ठेकेदार के बेटे ने बुधवार रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का मानना है कि प्रेम प्रसंग में निराशा इसकी वजह हो सकती है।
.
ब्रज विहार कॉलोनी निवासी करण (पुत्र साइमन काहिर) रात में घर लौटा था। उसने ऊपर के कमरे में जाकर छोटी बहन को बाहर भेज दिया, कहा कि उसे कपड़े बदलने हैं। काफी देर तक दरवाज़ा नहीं खुला तो बहन ने झांककर देखा — करण फंदे पर लटका हुआ था। परिजन उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
करण तीन बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, हालांकि उसका मोबाइल जब्त किया गया है। परिजन मूल रूप से मानपुर के पास के रहने वाले हैं। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि करण की एक गर्लफ्रेंड थी, जिसने कुछ समय पहले रिश्ता तोड़ लिया था। इसके बाद से वह उदास और शराब पीने का आदी हो गया था। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है।
कफ सिरप समझकर पी लिया जहर
इसी बीच, लसूडिया इलाके में रहने वाले किसान कैलाश (पुत्र करन चौहान) की जहर पीने से मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, कैलाश को आंखों से कम दिखता था और चलने-फिरने में भी दिक्कत थी। घर में पशुओं और खेती के लिए दवाएं रखी थीं।
उन्हें सर्दी-खांसी होने के कारण उन्होंने गलती से कीटनाशक को कफ सिरप समझकर पी लिया। तबियत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
कैलाश के पिता का निधन पहले ही हो चुका था। वह अपनी मां के साथ रहते थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।