Indian Cricket Team: भारत क्रिकेट टीम के युवा स्टार तिलक वर्मा ने एशिया कप 2025 फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ यादगार पारी खेली. उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में गजब का साहस दिखाते हुए 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए. उन्होंने टीम को चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ जीत दिलाकर ही दम लिया. आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले तिलक ने अब एक हैरान करने वाला खुलासा किया है. वह एक ऐसी बीमारी से जूझ रहे थे जिससे उनकी जान भी जा सकती थी.
तिलक वर्मा को क्या हुआ था?
तिलक वर्मा ने खुलासा किया है कि उनके पहले IPL 2022 के बाद उनके क्रिकेट करियर ने कैसे एक खतरनाक मोड़ लिया था. उन्हें रबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis) नामक एक दुर्लभ स्थिति का पता चला था, जिसमें मांसपेशियों का टूटना शुरू हो जाता है. ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस के नए एपिसोड पर तिलक वर्मा ने इस बारे में बात की. इस बारे में उन्होंने पहले कभी किसी को नहीं बताया था. उस समय उनकी हालत खराब हो गई थी.
तिलक ने क्या बताया?
तिलक ने कहा, ”मैंने इस बारे में किसी से बात नहीं की है. मेरे पहले आईपीएल के बाद मुझे कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हुईं. मैं फिट रहना चाहता था. ये बातें पहले सामने नहीं आई हैं. मुझे रबडोमायोलिसिस नामक एक बीमारी का पता चला था, जिसमें मांसपेशियों का टूटना (Muscle Breakdown) शुरू हो जाता है.”
ये भी पढ़ें: 17 साल और 304 मैच… पहली बार विराट कोहली से हो गया ‘ब्लंडर’, ODI क्रिकेट में बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
फिटनेस के चक्कर में शरीर पर नहीं दिया ध्यान
तिलक ने बताया कि वह उस समय दुनिया के सबसे फिट खिलाड़ी बनना चाहते थे. उन्होंने कहा, ”मेरे अंदर यह था कि मैं टेस्ट टीम में शामिल होना चाहता हूं. मैं घरेलू क्रिकेट खेल रहा था, ‘ए’ सीरीज चल रही थी और एक कैंप जारी था. आराम के दिनों में भी मैं जिम में रहता था. मैं दुनिया का सबसे फिट खिलाड़ी और एक शानदार फील्डर बनना चाहता था, इसलिए मैं वास्तव में रिकवरी पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रहा था. मैं आइस बाथ ले रहा था, लेकिन मैं अपने शरीर को ठीक होने के लिए पर्याप्त समय नहीं दे रहा था. मैं आराम के दिनों में भी खुद को धक्का दे रहा था. इसलिए मांसपेशी पर बहुत अधिक दबाव पड़ा और वह टूट गई. नसें काफी सख्त हो गईं.”
बांग्लादेश में हुआ बुरा हाल
तिलक वर्मा ने याद किया कि बांग्लादेश में ‘ए’ सीरीज के दौरान उनकी हालत कितनी बिगड़ गई थी. उन्होंने कहा, ”मैं मुंबई इंडियंस के साथ था और मैं बांग्लादेश में ‘ए’ सीरीज खेल रहा था. मैंने खुद को शतक के लिए धकेला और मेरी आंखों में आंसू आने लगे. मेरी उंगलियां बिल्कुल हिल नहीं रही थीं. सब कुछ इतना सख्त हो गया था. यह पत्थर जैसा महसूस हो रहा था. मुझे रिटायर हर्ट होना पड़ा और मेरे दस्तानों को काटना पड़ा क्योंकि मेरी उंगलियां हिल नहीं रही थीं.”
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया से सीरीज हारने पर भड़के शुभमन गिल, 3 स्टार खिलाड़ियों पर फोड़ा हार का ठीकरा
जय शाह और मुंबई इंडियंस की मदद
तिलक वर्मा ने बताया कि उनके आईपीएल टीम और बीसीसीआई ने उनकी मदद कैसे की. उन्होंने कहा, ”मुझे आकाश अंबानी का फोन आया. उन्होंने बीसीसीआई से बात की, जो बहुत मददगार रही. जय शाह सर का धन्यवाद. मुझे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने मुझे बताया कि अगर मैंने कुछ घंटों की भी देरी की होती, तो परिणाम भयानक हो सकते थे.यहां तक कि IV लाइन की सुई भी अंदर नहीं जा रही थी. वह टूटती जा रही थी. अस्पताल में मेरी हालत बहुत गंभीर थी. मेरी मां मेरे साथ थीं.”