टीकमगढ़ में शुक्रवार को बान सुजारा बांध के पास एक टापू पर बने मकान से एक विशाल अजगर को रेस्क्यू किया गया। स्थानीय लाल सिंह लोधी की सूचना पर सर्प मित्र अमर सिंह लोधी ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित निकाला।
.
सर्प मित्र अमर सिंह लोधी ने बताया कि उन्हें दरगुवां मेरोन गांव से जानवरों के लिए बनाए गए भूसे वाले घर में अजगर होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही वे नाव की मदद से मौके पर पहुंचे। अजगर कुछ खाकर भूसे में छिपा बैठा था।
रेस्क्यू किए गए अजगर की लंबाई करीब 8 फीट और वजन लगभग 25 किलो था। अमर सिंह ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर बोरी में बंद किया और बाद में वन क्षेत्र में जाकर छोड़ दिया।
अमर सिंह ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि कहीं भी सांप निकलने पर उसे पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों या किसी सर्प मित्र को दें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें, बल्कि तुरंत अस्पताल जाकर इलाज कराएं, क्योंकि शुरुआती कुछ घंटे जान बचाने के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।