पन्ना की उथली हीरा खदान में काम करने वाले एक वृद्ध मजदूर महादेव प्रसाद प्रजापति को दो हफ्तों के भीतर तीन हीरे मिले हैं। उन्होंने 24 अक्टूबर को इन हीरों को पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया। इन हीरों को आगामी नीलामी में रखा जाएगा।
.
बेनिसागर, पन्ना निवासी महादेव प्रसाद प्रजापति ने करीब दो हफ्ते पहले हीरा कार्यालय से पट्टा बनवा कर उथली हीरा खदान में काम शुरू किया था। उन्हें इस दौरान 2.58 कैरेट, 2.75 कैरेट और 3.09 कैरेट के जेम्स क्वालिटी के तीन हीरे मिले।
महादेव प्रसाद ने बताया कि वह एक मजदूर हैं और नीलामी से मिलने वाले पैसों से अपनी आर्थिक स्थिति सुधारना चाहते हैं।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि महादेव प्रसाद ने लगभग 20 दिन पहले पट्टे के लिए आवेदन किया था। करीब दो हफ्ते पहले ही खदान लगाई थी। उनके द्वारा जमा किए गए तीनों हीरों का कुल वजन 8.42 कैरेट है। इन हीरों की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है। अनुपम सिंह ने यह भी बताया कि आज कुल दो लोगों द्वारा चार हीरे जमा किए गए हैं।
अक्टूबर में अब तक कुल 10 हीरे जमा हुए
अनुपम सिंह के अनुसार, अक्टूबर में अब तक कुल 10 हीरे जमा हुए हैं। वहीं, 1 जनवरी से आज तक हीरा कार्यालय में कुल 68 हीरे जमा किए जा चुके हैं। इन सभी हीरों को आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा।

