भिंड के दलित युवक से नगीना सांसद ने की बात: वीडियो कॉल पर चंद्रशेखर रावण ने कहा जल्द आऊंगा, सब ठीक कर दूंगा, घबराना नहीं – Bhind News

भिंड के दलित युवक से नगीना सांसद ने की बात:  वीडियो कॉल पर चंद्रशेखर रावण ने कहा जल्द आऊंगा, सब ठीक कर दूंगा, घबराना नहीं – Bhind News



भिंड में दलित युवक से बातचीत करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण।

भिंड जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में दलित युवक के साथ हुई मारपीट और कथित रूप से पेशाब पिलाने की घटना को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को नगीना सांसद और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद रावण ने पीड़ित युवक से वीडियो कॉल पर बातचीत की।

.

पीड़ित युवक फिलहाल भिंड जिला अस्पताल में पुलिस सुरक्षा में भर्ती है। अस्पताल में मौजूद भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने चंद्रशेखर आजाद से मोबाइल के जरिए उसकी बातचीत कराई। सांसद ने करीब तीन मिनट तक पीड़ित और संगठन के सदस्यों से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली।

पीड़ित ने सांसद को सुनाया पूरा घटनाक्रम पीड़ित युवक ने बताया कि 20 अक्टूबर की दोपहर उसकी फोन पर सुरपुरा निवासी सोनू बरुआ से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद सोनू अपने दो साथियों के साथ ग्वालियर पहुंचा और उसे बंधक बनाकर भिंड ले आया। रास्ते में उसे कई जगहों पर मारा-पीटा गया, और सेमलपुरा के पास पेशाब पिलाने की अमानवीय हरकत की गई।

पीड़ित ने सांसद से कहा— “ये मनुवादी ब्राह्मण लोग हैं जो मुझे जबरन अपने हिसाब से चलाना चाहते थे। जब मैंने विरोध किया तो मुझे बंधक बनाकर पीटा गया। उन्होंने बंदूक की बट से मारा और 6000 रुपए भी लूटे।

पुलिस पर पक्षपात के आरोप लगाए युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एफआईआर में कई गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी हैं। उसने कहा— “पुलिस ने न तो लूट की धारा लगाई, न ही पेशाब पिलाने की बात लिखी। अधिकारी आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।”

इस पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने युवक को सांत्वना और भरोसा दिलाते हुए कहा—“घबराने की जरूरत नहीं है, हम सब आपके साथ हैं। मध्यप्रदेश के हालात ठीक नहीं हैं, लेकिन हम जल्द ही आकर सब कुछ ठीक करेंगे। अभी बिहार चुनाव में व्यस्त हूं, पर जरूरत पड़ी तो बीच में भी आ सकता हूं।”

इस दौरान भीम आर्मी के संभागीय अध्यक्ष देशराज धारिया और सौरभ जाटव भी मौजूद रहे। देशराज ने सांसद से कहा कि उन्हें भी जान का खतरा है— “यह लोग दबंग हैं, किसी भी समय हमला कर सकते हैं।”

सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं से एक-एक कर परिचय लिया और कहा—“हम संगठन के हर साथी के साथ हैं। मध्यप्रदेश में दलितों पर हो रहे अत्याचारों का जवाब मिलेगा।”

करीब तीन मिनट की इस वीडियो कॉल में सांसद ने पीड़ित और भीम आर्मी के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि संगठन न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वह जल्द मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे।



Source link