PCB: पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) बड़ी जिम्मेदारी देने वाला है. पीसीबी ने उनसे इंटरनेशनल क्रिकेट ऑपरेशंस के नए डायरेक्टर के तौर पर कार्यभार संभालने की गुहार लगाई गई है. यह क्रिकेट जगत में अजीब फैसला होगा जब मौजूदा कप्तान को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. मसूद 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे हैं.
2 नवंबर थी लास्ट डेट
PCB ने हाल ही में इस पद के लिए विज्ञापन दिया था, जिसकी एप्लीकेशन की आखिरी तारीख 2 नवंबर तय की गई थी. अब क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक शान मसूद इस पद के लिए रेस में सबसे आगे हैं. बोर्ड इस बात पर सहमत हो गया है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट ऑपरेशंस डिपार्टमेंट का हेड बनने के लिए सबसे सही व्यक्ति हैं. हाल ही में मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-1 से सीरीज को ड्रॉ कराया.
खेलना जारी रखेंगे मसूद
एक सोर्स ने क्रिकबज को बताया, ‘फिलहाल जब भी वह डायरेक्टर का पद संभालेंगे. वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे, लेकिन जाहिर तौर पर उन्होंने इस पद में अपनी दिलचस्पी भी दिखाई है क्योंकि वह इस पद और विज्ञापन में बताए गए सभी क्राइटेरिया को पूरा करते हैं.’ मसूद ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का आगाज जीत के साथ किया था. पाकिस्तान ने पहले मैच में डब्ल्यूटीसी चैंपियंस को 93 रन से मात दी थी.
ये भी पढ़ें.. शरीर सुन्न, काटने पड़े ग्लव्स… तिलक वर्मा को बीच मैच में आया था अटैक, सुनाई अनसुनी कहानी
कैसे हैं मसूद के आंकड़े?
मसूद के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 44 टेस्ट में 6 शतक और 13 फिफ्टी के दम पर 2550 रन बनाए हैं. इसके अलावा उन्होंने नौ वनडे और 19 T20I भी खेले हैं, वनडे में मसूद के नाम महज 1 फिफ्टी दर्ज है जबकि 19 टी20 मैच में उनके नाम 3 फिफ्टी के दम पर 395 रन दर्ज हैं.