शाजापुर जिले की सुनेरा पुलिस ने दो चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए करीब 2 लाख 20 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आदतन अपराधियों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
.
पहला मामला 20-21 अक्टूबर 2025 की रात का है, जब अज्ञात चोरों ने एटीसी टॉवर से दो बैटरियां और एक तांबे की अर्थ केबल चुराई थी। इसी तरह, 16 अक्टूबर 2025 को ग्राम भीलवाड़िया जंगल टॉवर से पांच बैटरियां, एक 5G मशीन और केबल चोरी हुई थी।
इन घटनाओं के संबंध में थाना सुनेरा में अपराध बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल ने आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को शाजापुर सर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी किया गया समस्त माल बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शाजापुर के आदित्य नगर निवासी सूरज पिता रतनसिंह झाला (आदतन अपराधी), विजयनगर निवासी अनिल पिता मोहनलाल फलेरिया और महुपुरा निवासी फरहान उर्फ जानी पिता डलियास पठान (आदतन अपराधी) शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से लगभग 35,000 रुपये मूल्य की दो बैटरियां और अर्थिंग वायर, लगभग 90,000 रुपये मूल्य की जियो कंपनी की 5G मशीन, तथा घटना में प्रयुक्त कटर मशीन और मोटरसाइकिल (लगभग 95,000 रुपये मूल्य की) बरामद की गई हैं। कुल बरामद माल का मूल्य लगभग 2,20,000 रुपये है। आरोपियों के खिलाफ जिले के अन्य 5-6 थानों में भी अपराध दर्ज हैं, जिसकी सूचना संबंधित थानों को दे दी गई है।