दमोह जिले के राजपुरा थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की कीटनाशक पीने से मौत हो गई। शनिवार शाम कीटनाशक पीने के बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक बंटी बंजारा पर किशोरी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद
.
परिजनों का आरोप है कि आरोपी की प्रताड़ना से ही उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। किशोरी के पिता ने बताया कि आरोपी बंटी बंजारा कई दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और उस पर गलत नीयत रखता था।
पिता के अनुसार, यह पहली घटना नहीं थी। पहले भी आरोपी ने उनकी बेटी को बदनाम करने की कोशिश की थी, जिसके बाद बेटी ने कीटनाशक पी लिया था। उस समय गांव में एक सामाजिक पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें आरोपी ने माफी मांगी थी और दोबारा ऐसी गलती न करने का वादा किया था।
शनिवार शाम किशोरी ने परिवार के लिए खाना बनाया और फिर पड़ोस में रहने वाली अपनी मौसी के घर चली गई। कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं। अस्पताल ले जाते समय उसने बताया कि बंटी उसे कई दिनों से परेशान कर रहा था और अब उसके गर्भवती होने की झूठी खबर गांव में फैला रहा था। किशोरी ने कहा, “मैं दुनिया छोड़कर जा रही हूं। आप बंटी और उसकी पत्नी को मत छोड़ना।”
पिता ने यह भी बताया कि आरोपी बंटी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं, इसके बावजूद वह उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
रजपुरा थाना प्रभारी सरदार सिंह ने जानकारी दी कि इस मामले में हटा थाने में शून्य पर मामला दर्ज किया गया है। मर्ग कायम कर पंचनामा डायरी थाने आएगी, जिसके बाद परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।