बस में आग लगने पर कंडक्टर पर लापरवाही का केस: अग्निशमन यंत्र नहीं था, वाहन में मिले दो LPG सिलेंडर; ईसागढ़ में हुआ था हादसा – Ashoknagar News

बस में आग लगने पर कंडक्टर पर लापरवाही का केस:  अग्निशमन यंत्र नहीं था, वाहन में मिले दो LPG सिलेंडर; ईसागढ़ में हुआ था हादसा – Ashoknagar News


अशोकनगर जिले के ईसागढ़ क्षेत्र के डेलकेवर (बमनावर) गांव के पास शनिवार रात एक स्लीपर बस में आग लग गई थी। घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए। वहीं, रविवार को ईसागढ़ पुलिस ने इस मामले में बस कंडक्टर मनोज शर्मा के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।

.

बस में नहीं था अग्निशमन यंत्र

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बस में अग्निशमन यंत्र मौजूद नहीं था और कंडक्टर बस में ज्वलनशील गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था, जो सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। पुलिस के अनुसार, कंडक्टर का यह कृत्य यात्रियों के जीवन और सुरक्षा को खतरे में डालने वाला था। इसी आधार पर उसके खिलाफ धारा 287, 125 बीएनएस और 176/177 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शीशे तोड़कर कूदे यात्री, बचाई जान

घटना की सूचना मिलते ही ईसागढ़ थाना पुलिस का दल तत्काल मौके पर पहुंचा। टीम में उपनिरीक्षक मीना रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक मनजीत त्रिवेदी, रामदयाल नंदा और रामगोपाल वर्मा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। मौके पर देखा कि वाहन UP78CT6660 (बालाजी स्लीपर बस) में आग लगी हुई थी।

इस दौरान सभी यात्री शीशे तोड़कर और आपातकालीन द्वार से सुरक्षित बाहर निकल गए थे। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि किसी को कोई चोट नहीं आई है। कुछ देर बाद नगर परिषद ईसागढ़, आनंदपुर ट्रस्ट और अशोकनगर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

जांच में दो छोटे गैस सिलेंडर मिले

जांच में दो छोटे गैस सिलेंडर मिले, जिनमें से एक फटा हुआ था। आग में यात्रियों का अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।



Source link