न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन के 15 साल लंबे वनडे करियर पर पहली बार एक बड़ा दाग लग गया है. केन विलियमसन ने अपने वनडे करियर में पहली बार एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया है. इस शर्मनाक रिकॉर्ड का दर्द झेलना दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के लिए बहुत मुश्किल है. केन विलियमसन रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ माउंट मौंगानुई में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलने उतरे. वह 7 महीने बाद न्यूजीलैंड के लिए किसी वनडे इंटरनेशनल मैच में खेल रहे थे, तभी अचानक उनके साथ एक अनहोनी हो गई.
15 साल लंबे करियर पर पहली बार लगा ये बड़ा दाग
केन विलियमसन अपने 15 साल लंबे वनडे करियर में पहली बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को माउंट मौंगानुई में खेले गए पहले वनडे मैच में केन विलियमसन पहली ही गेंद पर बिना खाता खेले ही आउट हो गए. इस पारी से पहले वह अपनी पिछली 165 वनडे पारियों में कभी भी गोल्डन डक का शिकार नहीं हुए थे. केन विलियमसन ने साल 2010 में अपना वनडे डेब्यू किया था. केन विलियमसन के लिए इस शर्मनाक रिकॉर्ड का दर्द झेलना बहुत मुश्किल होगा. यह मैच भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल के बाद से केन विलियमसन का पहला इंटरनेशनल मैच था.
न्यूजीलैंड के लिए 7235 रन बनाए
केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए अभी तक 176 वनडे मैचों की 166 पारियों में 7235 रन बनाए हैं. केन विलियमसन ने इस दौरान 15 शतक और 47 अर्धशतक ठोके हैं. केन विलियमसन ने अपने वनडे करियर में कुल 6 बार जीरो पर आउट हुए हैं. बता दें कि न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ बे ओवल में खेले गए पहले वनडे मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया. इसी के साथ मेजबान टीम ने 3 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से लीड बना ली है. मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. इस टीम ने 56 के स्कोर तक अपने छह विकेट गंवा दिए थे. यहां से कप्तान हैरी ब्रूक ने 101 गेंदों में 11 छक्कों और 9 चौकों के साथ 135 रन की पारी खेलते हुए टीम को संभाला. इस बीच उन्होंने जेमी ओवरटन के साथ सातवें विकेट के लिए 86 गेंदों में 87 रन जोड़े. जेमी 54 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए. इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका.
जकारी फाउलकेस ने 4 विकेट हासिल किए
न्यूजीलैंड के लिए जकारी फाउलकेस ने 41 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि जैकब डफी ने 3 विकेट अपने नाम किए. इनके अलावा, मैट हैनरी ने 2 और मिचेल सैंटनर ने 1 विकेट हासिल किया. आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भी शुरुआत में लड़खड़ाती नजर आई. इस टीम ने दूसरे ओवर की अंतिम दो गेंदों पर विल यंग (5) और केन विलियमसन (0) का विकेट गंवा दिया. टीम को सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र से उम्मीदें थीं, लेकिन रचिन 17 गेंदों में इतने ही रन बनाकर पवेलियन लौट गए. यहां से डेरिल मिचेल ने टॉम लैथम के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की. लैथम 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
दूसरा वनडे हैमिल्टन में 29 अक्टूबर को
न्यूजीलैंड की टीम 66 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी, यहां से मिचेल ने माइकल ब्रेसेवल के साथ पांचवें विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया. डेरिल मिचेल ने 91 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 78 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने 51 रन टीम के खाते में जोड़े. इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कार्स ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि ल्यूक वुड और आदिल रशीद ने 1-1 विकेट अपने नाम किया. न्यूजीलैंड टी20 सीरीज को 0-1 से गंवा चुका है. अब उसकी कोशिश वनडे सीरीज जीतकर हिसाब बराबर करने की होगी. दोनों देशों के बीच सीरीज का दूसरा मैच हैमिल्टन में 29 अक्टूबर को खेला जाएगा, जबकि सीरीज का तीसरा मुकाबला 1 नवंबर को वेलिंगटन में आयोजित होगा.