Ranji Trophy: विराट कोहली के सामने गेंदबाजी करना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है. कुछ कोहली के सामने बॉलिंग करने के सपने देख रहे हैं तो किसी ने उन्हें गेंदबाजी कर पहचान बना ली. इनमें से एक नाम गुरजनपीत का भी है जिन्होंने अब हैट्रिक लेकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने रविवार को बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में नागालैंड के साथ तमिलनाडु के एलीट ग्रुप ए रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन शानदार हैट्रिक लेकर क्रिकेट रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया.
छठे ओवर में किया कारनामा
गुरजपनीत ने पारी के छठे ओवर में लगातार गेंदों पर सेडेजली, हेम और कप्तान आर. जोनाथन को आउट करके नागालैंड को 9/3 पर ला दिया. बाद में उन्होंने चेतन बिष्ट को भी आउट किया, जिससे मैच पर तमिलनाडु की पकड़ और मजबूत हो गई. इस तरह गुरजपनीत हैट्रिक लेने वाले राज्य के सातवें गेंदबाज बन गए हैं. वह रणजी ट्रॉफी के मौजूदा राउंड में हैट्रिक लेने वाले तीसरे गेंदबाज भी हैं. उनसे पहले सर्विसेज के खिलाड़ी अर्जुन शर्मा और मोहित जांगड़ा ने शनिवार को तिनसुकिया डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड में असम के खिलाफ यह कारनामा किया था.
तमिलनाडु से 362 रन पीछे नागालैंड
नागालैंड की टीम ने डी. निश्चल और युगंधर सिंह के बीच 119 रन की अटूट पांचवें विकेट की साझेदारी से मैच में जान डाली. दिन खत्म होने तक टीम का स्कोर 150/4 है. हालांकि अभी भी ये टीम तमिलनाडु से 362 रन पीछे हैं. इससे पहले, तमिलनाडु ने प्रदोष रंजन पॉल के नाबाद 201 रन और आंद्रे सिद्धार्थ (65) के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी 512/3 पर घोषित कर दी थी.
ये भी पढ़ें.. कंगाली में आटा गीला.. IND W vs BAN W मैच का मजा किरकिरा, नो रिजल्ट में खिलाड़ी चोटिल
रहाणे ने भी ठोका शतक
वहीं, दूसरी तरफ मुंबई और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबले में रहाणे छा गए. उन्होंने धमाकेदार अंदाज में शतकीय पारी खेली. 2 साल से बाहर बैठे रहाणे ने अकेले दम पर टीम को संभाला और 159 रन ठोक डाले. उन्होंने अपनी पारी में 21 चौके जमाए. साल 2023 से रहाणे सेलेक्टर्स के रडार में नहीं हैं. लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि रणजी ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन कारगर साबित होता है या नहीं.