अशोकनगर में सोमवार शाम अशोकनगर-ईसागढ़ रोड पर तरावली गांव के पास कल्पना ट्रेवल्स की एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। यह बस गुना से प्रयागराज जा रही थी। हादसे के वक्त बस में 12 से 14 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
.
बस चालक के अनुसार, अशोकनगर से आगे बढ़ने पर अचानक एक स्विफ्ट कार सामने आ गई। कार से बचने के प्रयास में चालक ने बस को सड़क के किनारे मोड़ा। हल्की बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे बस अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में बस का अगला हिस्सा सड़क से नीचे उतर गया, जबकि पिछला हिस्सा सड़क पर ही रहा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
सूचना मिलने पर बस को जेसीबी की मदद से सड़क पर वापस लाने का काम किया। ड्राइवर ने बताया कि बस को निकालने के बाद इसे प्रयागराज के लिए आगे रवाना किया जाएगा।