Last Updated:
ऑस्ट्रेलियाई टीम की समलैंगिक क्रिकेटर एशले गार्डनर की वाइफ मोनिका राइट ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाला है. इस पोस्ट में वो हल्के-फुल्के अंदाज में कैफे जाते वक्त मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में दिखाती हुई नजर आ रही हैं.
वूमेंस वर्ल्ड कप 2025 के बीच इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स से छेड़छाड़ की खबर ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने सभी विदेशी क्रिकेटर्स की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया.

अब ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारत के खिलाफ नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में सेमीफाइनल मैच खेलना है. इस मुकाबले से पहले खुद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स ने मोबाइल कैमरे से मुंबई में कंगारू टीम के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था की झलक देखने को मिली.

घटना के बाद टूर्नामेंट आयोजकों ने नवी मुंबई में टीम के होटलों, ट्रेनिंग वेन्यू और स्टेडियमों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है. ऑस्ट्रेलियाई टीम की समलैंगिक क्रिकेटर एश्ले गार्डनर की पत्नी मोनिका राइट ने अपने मोबाइल कैमरे से सुरक्षा की झलक लोगों को दिखाई.

उन्होंने गार्डनर को टैग करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया, “कैफे तक पुलिस एस्कॉर्ट.” तस्वीर में दोनों कार में यात्रा करते हुए दिखाई दे रहे हैं. पीछे वाले शीशें में दो पुलिसकर्मी बाइक पर उन्हें सुरक्षा मुहैया कराते दिख रहे हैं.

यह घटना पिछले हफ़्ते गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे हुई. बाइक सवार युवक ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ छेड़छाड़ की. एक राहगीर ने संदिग्ध की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिससे बाद में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसका पता लगाने में मदद मिली.

पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया टीम की सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी अकील को आज़ाद नगर से गिरफ्तार कर लिया. इस घटना के बाद आईसीसी से लेकर बीसीसीआई का बयान भी सामने आया.

एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा, “ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान कर ली गई और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. हम सुरक्षा प्रोटोकॉल में किसी भी चूक की जांच कर रहे हैं.”