खुलेआम मारपीट करने वाले तीन आरोपी भेजे जेल: हटा सब्जी बाजार में युवक की पिटाई की थी, पुलिस ने की कार्रवाई – Damoh News

खुलेआम मारपीट करने वाले तीन आरोपी भेजे जेल:  हटा सब्जी बाजार में युवक की पिटाई की थी, पुलिस ने की कार्रवाई – Damoh News


दमोह जिले के हटा नगर में सार्वजनिक रूप से मारपीट कर दहशत फैलाने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गुरुवार शाम सब्जी बाजार में एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

.

सोमवार शाम एसडीएम न्यायालय ने तीनों आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया। जिस युवक की पिटाई हुई थी, उसका नाम रविकांत कुसमरिया है, जो हटा के पास बूढ़ा बरतलाई का निवासी है।

रविकांत अपने निजी काम से हटा आया था। सब्जी बाजार में खरीदारी कर रहा था, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंचे। उसे घेरकर बेल्ट, लाठी और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आसपास भीड़ बढ़ने पर सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले में पीड़ित युवक रविकांत ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

तीनों ने बेवजह मारपीट की थी

टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय ने वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले बदमाशों की पहचान की। आरोपियों की पहचान गोविंद उर्फ सनत व्यास (22, रामगोपालजी वार्ड हटा), हर्ष उर्फ शिवम सेन (21, कमला नेहरू वार्ड हटा) और रामकृष्ण उर्फ अंशुल सोनी (21, हजारी वार्ड हटा) के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ शांति भंग करने की भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126/135 (3) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।

सोमवार को उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। टीआई उपाध्याय ने बताया कि ग्रामीण युवक बाजार में सब्जी खरीद रहा था। उसकी बाइक की पार्किंग को लेकर इन तीनों बदमाशों ने उससे झगड़ा किया। बेवजह उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी।



Source link