रायसेन जिले के बेगमगंज के ग्राम तुल्सीपार स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में चोरों ने धावा बोल दिया। रविवार रात अज्ञात चोर लाखों रुपए के जेवरात चुरा ले गए। इस वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।
.
जानकारी के अनुसार, बेगमगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर स्थित यह मंदिर क्षेत्र का सबसे पुराना और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माना जाता है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि रोज की तरह शाम को पूजा-अर्चना के बाद वे मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे।
सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि मां दुर्गा के गहने जिनमें पायल, हार, मंगलसूत्र, कमर करधौनी और क्षत्र सहित अन्य कई आभूषण शामिल थे सभी गायब थे।
चोरी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सरपंच और पुजारी ने तत्काल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपए के बीच आंकी जा रही है। फिलहाल, पुलिस मंदिर परिसर से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटा रही है ताकि चोरों तक जल्द पहुंचा जा सके।
