छतरपुर में कृषि विभाग ने अमानक स्तर के बीज पाए जाने पर छह विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर चल रही बीज नमूना जांच अभियान के तहत की गई है।
.
खरीफ मौसम के दौरान कुल 117 बीज नमूने लिए गए थे। प्रयोगशाला परीक्षण के बाद 110 नमूनों के परिणाम प्राप्त हुए, जिनमें से छह नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
अमानक बीज पाए जाने के बाद, कृषि विभाग ने बीज गुण नियंत्रण आदेश 1983 के प्रावधानों के तहत संबंधित बीज विक्रेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इसी के तहत उनके लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
इन विक्रेताओं के सैंपल अमानक निकले जिन विक्रेताओं के नमूने अमानक पाए गए हैं, उनमें मेसर्स नगरिया कृषि सेवा सदन (बमीठा, राजनगर), मेसर्स बालाजी कृषि बीज भंडार (ईशानगर), मेसर्स किसान कल्याण गोस्वामी बीज भंडार (परा चौकी), मेसर्स श्री राम चरण खाद बीज भंडार (छतरपुर), मेसर्स श्री बाँके बिहारी ट्रेडर्स (बक्स्वाहा) और मेसर्स श्री राम बायोसीड्स जेनेटिक्स (बक्स्वाहा) शामिल हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे बीज खरीदते समय केवल मान्यता प्राप्त विक्रेताओं से ही खरीदारी करें। साथ ही, किसी भी अनियमितता की स्थिति में कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए रसीद अवश्य प्राप्त करें।