नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में गुलाबी जर्सी पहनकर रावलपिंडी स्टेडियम में उतरे. गुलाबी जर्सी ने ‘पिंक रिबन पाकिस्तान’ अभियान के प्रति उनके समर्थन का संकेत दिया, जिसका उद्देश्य ब्रेस्ट कैंसर के बारे में जागरुकता बढ़ाना है. दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटरों, दोनों टीमों के कोचिंग स्टाफ और मैच अधिकारियों ने भी इस अभियान के प्रति समर्थन दिखाने के लिए गुलाबी रिबन पहने. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य परिचालन अधिकारी सुमैर अहमद सैयद ने कहा, ‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को हमारे समाज को प्रभावित करने वाले मुद्दों के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए क्रिकेट की शक्ति और पहुंच का उपयोग करने पर बहुत गर्व है.’
पाकिस्तान के खिलाड़ी पिंक जर्सी पहनकर मैदान पर उतरे.
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतने के बाद कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करेंगे. पिंडी में आपको कभी नहीं पता होता कि दूसरी टीम को किस हद तक रोकना है. हम यथासंभव अच्छी गेंदबाजी करना चाहते हैं. हमारे पास कुछ नए चेहरे हैं और कुछ वापसी करने वाले खिलाड़ी भी हैं. इसलिए मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं. (बाबर और नसीम की टी20 टीम में वापसी के बारे में) वे दोनों पहले भी पाकिस्तान के लिए मैच जिताने वाले खिलाड़ी रहे हैं और मुझे उनकी वापसी पर खुशी है. हमारे पास दो ऑलराउंडर, दो तेज गेंदबाज और अबरार हमारे स्पिनर हैं.’
पाकिस्तान की ओर से, बाबर आजम और नसीम शाह की टी20 टीम में वापसी हुई है. साउथ अफ्रीका के कप्तान डोनोवन फरेरा ने कहा कि हम भी पहले गेंदबाज़ी करना चाहते थे, लेकिन अब हमें अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी और उसके बाद उन्हें रोकना होगा. मुझे छठे नंबर पर बल्लेबाजी करनी है. क्विंटन डी कॉक की वापसी से हम उत्साहित हैं. वह हमें काफी आत्मविश्वास देते हैं, न सिर्फ़ विकेटकीपिंग से, बल्कि ऊपरी क्रम में भी लगातार रन बनाते हैं. टोनी डी जोरजी अपना डेब्यू कर रहे हैं.’
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रीज़ा हेंड्रिक्स, टोनी डी ज़ोरज़ी, डेवाल्ड ब्रेविस, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, डोनोवन फरेरा (कप्तान), जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, लिज़ाद विलियम्स, नंद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी.
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, बाबर आज़म, सलमान आगा (कप्तान), उस्मान खान (विकेट कीपर), हसन नवाज़, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, शाहीन अफ़रीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद.