शिवपुरी जिले की पिछोर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक 32 बोर की पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
.
एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने बताया कि यह मामला 26 अक्टूबर का है। फरियादी संजय लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मनोज उर्फ सागर लोधी ने उसे जीरो पॉइंट पर मिलने बुलाया था। वहां पहुंचने पर मनोज, बृजेंद्र लोधी और उनके अन्य साथियों ने विवाद के दौरान गोली चला दी। यह गोली पास से गुजर रहे संतोष लोधी के हाथ में लगी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत एक युवती को मोबाइल पर मैसेज भेजने से हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश पनपी, जिसके परिणामस्वरूप यह हमला हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, एएसपी संजीन मुले और एसडीओपी प्रशांत शर्मा के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मानपुर तालाब और कमालपुर पुलिया के पास से घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेंद्र लोधी, सागर उर्फ मनोज लोधी, शैलेन्द्र केवट और धर्मेंद्र उर्फ डी.के. लोधी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।