शिवपुरी जिले के पोहरी में एसडीएम अनुपम शर्मा ने मंगलवार को खाद की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने यूरिया खाद अधिक दाम पर बेचने के आरोप में 6 दुकानों को सील कर दिया।
.
जानकारी के अनुसार, एसडीएम अनुपम शर्मा पोहरी क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान कुछ किसानों ने उनसे शिकायत की कि यूरिया खाद 500 रुपए प्रति बोरी के हिसाब से बेची जा रही है। किसानों ने बताया कि उन्होंने यह खाद पोहरी बस स्टैंड के पास स्थित “इंडियन ट्रेडर्स” से खरीदी थी।
किसानों की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल इंडियन ट्रेडर्स की दुकान पर पहुंचकर जांच की। जांच में पता चला कि यह खाद शिवपुरी की गिर्राज ट्रेडिंग कंपनी से 385 रुपए प्रति बोरी में खरीदी गई थी, लेकिन व्यापारी इसे किसानों को 500 रुपए में बेच रहा था। एसडीएम ने मौके से 80 बोरी यूरिया खाद जब्त कर दुकान को सील कर दिया।
इसके बाद एसडीएम ने परीक्षा और झिरी गांवों का भी निरीक्षण किया। उन्हें देखते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा में 2 और झिरी में 3 अन्य खाद दुकानों को भी सील किया गया।
एसडीएम अनुपम शर्मा ने बताया कि सील की गई दुकानों से जब्त खाद को टोकन प्रणाली के माध्यम से किसानों को उचित दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।