नरसिंहपुर में 25 अक्टूबर को लापता युवक की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मंगलवार को युवक की साली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी युवती ने सोशल मीडिया पर हत्या से जुड़ी रील्स देखकर साजिश रची थी। इसके बाद दो लोगों को 50 हजार रुपए में सुपारी
.
युवती समेत एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, नाबालिग को बाल सुधारगृह भेजा गया है। एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने आरोपी बरहटा निवासी निधि साहू, साहिल और नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
ढाबे के सीसीटीवी फुटेज से मिले सबूत
एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि 26 अक्टूबर को मंगवानी थाने में सृजन साहू (35) की गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी खंगाले। इसमें सृजन अपने भाई गगन साहू के साथ दिखाई दिया। थोड़ी देर बाद उसकी साली निधि साहू होटल जलसा के पास कार से पहुंची। इसके बाद वह सृजन को पैदल लेकर कहीं चली गई। इसके बाद सृजन नहीं लौटा।
यहीं से पुलिस को निधि पर शक हो गया। पुलिस ने दूसरी जगह भी सीसीटीवी तालाशे। निधि के सीडीआर निकाले गए। इसमें दोनों के बीच बातचीत पाई गई। सृजन की आखिरी लोकेशन मंगवानी के जंगलों में पाई गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर निधि को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी निधि ने जुर्म करना स्वीकार किया।
50 हजार रुपए में दी थी सुपारी
पूछताछ में निधि ने बताया कि 25 दिन पहले रीछा गांव के रहने वाले साहिल पटेल समेत एक नाबालिग से सुपारी दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साहिल पटेल और नाबालिग आरोपी को भी पकड़ लिया। योजना के तहत निधि ने भाईदूज के दिन जीजा सृजन को बहन को छोड़ने के बहाने बरहटा गांव बुलाया था। साहिल ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या के लिए 50 हजार रुपए में सौदा तय किया था। 20 हजार रुपए बतौर एडवांस भी ले लिए थे। साहिल ने नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर सृजन साहू की घोघरा गांव के जंगलों में चाकुओं से हत्या कर दी। इसके बाद शव पत्थरों में दबाकर छिपा दिया।
आरोपी बोली– जीजा ब्लैकमेल कर रहा था
जांच में सामने आया कि सृजन और निधि के बीच शादी से पहले संबंध थे। निधि का कहना था कि शादी के बाद सृजन उसके वीडियो-फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से वह परेशान थी। आखिरकार उसने सृजन को रास्ते से हटाने की ठान ली। आरोपी निधि साहू के पिता भी पहले से ही हत्या के मामले में जेल में है।
सोशल मीडिया पर देखे हत्या से जुड़े कई वीडियो
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जीजा को मौत के घाट उतारने के तरीकों को लेकर सोशल मीडिया पर सर्चिग की थी। उसने नदी में डुबोकर मारने, पत्थर पटककर मरवाने के साथ ही लाश को ठिकाने लगाने के लिए डेड बॉडी को ड्रम में भरने आदि के वीडियो देखे। आखिरकार सुपारी देकर हत्या करवाई।
रातभर पुलिस को घुमाया जंगल
आरोपी निधि साहू को हिरासत में लेने के बाद जब लाश के बारे में पूछा गया, तो वह पुलिस को बरगलाती रही। रातभर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा की अगुवाई में पुलिस की तीन टीमें जंगल की खाक छानती रहीं। आखिरकार करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद नेशनल हाईवे 44 से डायवर्ट एक रास्ते पर करीब डेढ़ मीटर दूर उन्हें क्षत-विक्षत लाश बरामद हो गई।
कर्जे के चक्कर में नाबालिग ने ली सुपारी
सुपारी किलिंग के मामले में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह बात सामने आई कि विभिन्न शौकों को पूरा करने के लिए उसने कई जगह से कर्ज ले रखा था। करीब दो लाख रुपए की उस पर उधारी बन गई थी। उसके पास जब 50 हजार रुपए लेकर हत्या करने की पेशकश हुई, तो उसने स्वीकार कर लिया।
तीन साल पहले हुई थी शादी
एसपी ऋषिकेश मीना ने बताया कि सिवनी निवासी मृतक सृजन की शादी लगभग 3 वर्ष पूर्व आरोपी महिला निधि साहू की रिश्ते में चचेरी बहन के साथ हुई थी। और लगभग डेढ़ वर्ष से निधि और सृजन संपर्क में थे। 6 महीने पूर्व निधि की शादी इमलिया गांव में हुई।