Last Updated:
mohd shami statement सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मंगलवार को कहा कि वह ‘फिट’ हैं और भारतीय टीम में वापसी के लिए ‘तैयार’ हैं. उन्होंने सत्र के पहले दो रणजी ट्रॉफी मैच में शानदार प्रदर्शन करके वापसी का अपना मजबूत दावा पेश किया.
नई दिल्ली. सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मंगलवार को कहा कि वह ‘फिट’ हैं और भारतीय टीम में वापसी के लिए ‘तैयार’ हैं. उन्होंने सत्र के पहले दो रणजी ट्रॉफी मैच में शानदार प्रदर्शन करके वापसी का अपना मजबूत दावा पेश किया. बंगाल के इस तेज गेंदबाज ने मंगलवार को गुजरात के खिलाफ मैच में आठ विकेट लिए और ईडन गार्डन्स पर अपनी टीम की 141 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई.
शमी ने भरी हुंकार
लगातार दो मैचों में अपनी फिटनेस साबित करने के बाद शमी ने कहा, ‘‘मेरी प्रेरणा फिट और भारतीय टीम के लिए हर समय उपलब्ध रहना है. मैदान पर मैं अच्छा प्रदर्शन करता रहूंगा और बाकी चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है. इस तेज गेंदबाज ने कहा, यह राहत की बात है कि मानसिक रूप से, शारीरिक रूप से, यह बहुत अच्छा लगता है क्योंकि आप इतने मुश्किल समय से वापस आ रहे हैं और उसके बाद आप मैदान पर बने रहते हैं.शमी को ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया था जिसके बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और इस सीनियर क्रिकेटर के बीच बयानबाजी हुई थी.
अब बॉल बोलेगी मैं नहीं
तेज गेंदबाज शमी ने इस बात पर जोर दिया है कि टखने की सर्जरी से ठीक होने के बाद वह पूरी तरह फिट हैं और खेल के सभी प्रारूप के लिए उपलब्ध हैं. जब उनसे मंगलवार को भारतीय टीम में वापसी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने विवाद से दूर रहना पसंद किया. उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा किसी ना किसी विवाद में फंसा रहता हूं. आप लोगों की वजह से यह एक गलतफहमी है. शमी ने साथ ही कहा कि उन्होंने क्यूरेटर से ईडन गार्डन्स में घास वाली पिच तैयार करने को कहा था क्योंकि उनका मानना है कि बंगाल का तेज गेंदबाजी आक्रमण भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे अच्छे तेज गेंदबाजी आक्रमण में से एक है. बंगाल के मुख्य कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने भारतीय टीम में वापसी के लिए शमी का समर्थन किया. उन्होंने कहा, ‘‘मोहम्मद शमी को किसी से प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है. वह खुद में एक प्रमाण पत्र है. उन्हें अपने प्रशंसकों, मीडिया और सबसे बड़े चयनकर्ता का समर्थन है जो सबसे ऊपर बैठा है.