टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी को फैंस खूब इंजॉय करते हैं. लेकिन एशिया कप में सूर्या की झलक फीकी नजर आई थी. उन्होंने कप्तान बनने के बाद बैटिंग पोजीशन में कुछ एक्सपेरिमेंट भी किए. अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले वनडे में स्काई नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए अच्छे टच में दिखे तो बारिश ने खेल बिगाड़ दिया. तीसरे नंबर पर उनकी बल्लेबाजी देखने के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने उन्हें बड़ी नसीहत दी है.
बड़ी पारी खेल सकते थे सूर्या
सूर्यकुमार यादव कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले T20I में 24 गेंदों में 39* रन बनाकर नाबाद थे. बारिश नहीं आती तो ये पारी बड़ी हो सकती थी. तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए स्काई ने एक बार फिर कमबैक किया. जिसके बाद रॉबिन उथप्पा ने सलाह दी कि उन्हें नंबर 5 से नीचे बल्लेबाजी नहीं करनी चाहिए. नीचे बैटिंग करते हुए स्काई बल्ले से कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हुए थे. हालांकि, उन्होंने टीम के लिए ये फैसला किया था.
क्या बोले उथप्पा?
उथप्पा ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘यह ऐसा है जैसे आप एक मुश्किल स्थिति में फंस गए हैं क्योंकि यह एक ऐसा फैसला है जहां आपको अपने परफॉर्मेंस का आकलन करना होता है. अपनी कप्तानी भी मैनेज करनी होती है. इसलिए यह एक बहुत मुश्किल फैसला है. हालांकि, मुझे लगता है कि उन्हें एक फिक्स्ड पोजीशन पर बल्लेबाजी करनी चाहिए. मेरी राय में, T20 क्रिकेट में सूर्यकुमार के लिए नंबर 3 से बेहतर कोई पोजीशन नहीं है.’
ये भी पढे़ं.. VIDEO: बिजली जैसी फुर्ती और माइंडगेम… CSK को मिला धोनी का रिप्लेसमेंट? इस पोस्ट से खलबली
ये था सूर्या का प्लान
उन्होंने आगे बताया, ‘अगर टॉप तीन बल्लेबाज सेट हो जाते हैं, तो आप उसके बाद फ्लेक्सिबिलिटी ला सकते हैं. आप लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन ला सकते हैं. एशिया कप में, उन्होंने शायद यह तय किया था कि अगर कोई लेफ्ट-हैंडर आउट होता है तो तिलक वर्मा नंबर 3 पर आएंगे. अगर कोई राइट-हैंडर आउट होता है तो सूर्या आएंगे. यह अभी भी ठीक है, लेकिन सूर्यकुमार यादव को नंबर 4 से नीचे बल्लेबाजी नहीं करनी चाहिए. अगर किसी टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज को नंबर 4 से नीचे बल्लेबाजी करनी पड़ती है तो उसे बहुत सारे एडजस्टमेंट करने पड़ते हैं.’