पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के मुड़वारी गांव में पति-पत्नी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ससुराल पक्ष के लोगों ने दामाद, उसकी मां, बहन और भाई पर लाठी-डंडों व पत्थर से हमला किया। इस हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बा
.
घायल मैयादीन रैकवार (30) मुड़वारी के निवासी हैं। इन्होंने बताया कि मेरी शादी वर्ष 2021 में हटा निवासी नेहा रैकवार से हुई थी। उनका एक 2 साल का बेटा भी है। मैयादीन के अनुसार, 28 अक्टूबर को उन्होंने अपनी पत्नी नेहा से उसके बिना बताए बाहर जाने के बारे में पूछा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मायके वाले लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे
विवाद बढ़ने पर नेहा ने अपने मायके वालों को फोन कर बुलाया। कुछ देर बाद उसके ससुर मुन्नालाल रैकवार, बड़े साले रोहित रैकवार, छोटे साले नकुल रैकवार, पत्नी नेहा और सास उमा देवी लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और वाद-विवाद करने लगे। मैयादीन ने बताया कि वह इसकी शिकायत करने थाने चला गया था।
इन्हें पीटा गया
इसी दौरान जब मैयादीन थाने में थे। ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी मां मुन्नीबाई रैकवार (65) को जब वे घर में रोटी बना रही थीं बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। उन्हें बचाने आई बहन रोशनी रैकवार पर भी हमला किया गया। जब भाई सूरज रैकवार (27) अपनी मां को बचाने आया, तो उसे धक्का देकर उसके सिर पर पत्थर पटक दिया गया।

आसपास के लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। मैयादीन ने बताया कि मारपीट के बाद ससुराल वाले उसकी पत्नी और बच्चे को लेकर अपने घर जा रहे थे। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब वह वापस घर आ रहा था, तो रास्ते में उसे रोककर दोबारा लाठी-डंडों से पीटा गया।

इसके बाद सभी आरोपी बाइकों से भागने लगे, जिन्हें पवई पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं घायलों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।