मुझे नहीं लगता हम…, भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल को लेकर कंगारू खेमे में खलबली! हेड कोच के माथे पर दिखी सिकन

मुझे नहीं लगता हम…, भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल को लेकर कंगारू खेमे में खलबली! हेड कोच के माथे पर दिखी सिकन


Shelley Nitschke Statement: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल का मंच तैयार है. अब से कुछ घंटे में दोनों टीमों के बीच फाइनल का टिकट काटने की लड़ाई होगी. जीतने वाली टीम साउथ अफ्रीका से खिताबी जंग में आमने-सामने होगी, जिसने इंग्लैंड को रौंदकर फाइनल में जगह बनाई. भारत और ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा. इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया की हेड कोच ने कहा है कि मुकाबला जोरदार होने वाला है. उनका कहना है कि भारत को हल्के में नहीं ले सकते.

भारत को हल्के में नहीं ले रहा ऑस्ट्रेलिया

शेली निटश्के ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया एक कड़ी टक्कर की उम्मीद कर रहा है और भारत की बल्लेबाजी की गहराई को देखते हुए कोई भ्रम नहीं है. भारत की बल्लेबाज प्रतिका रावल टखने की चोट के कारण बाहर हैं, लेकिन उनकी जगह शेफाली वर्मा को टीम में बुलाया गया है. शेफाली की स्मृति मंधाना के साथ ओपनिंग करने की उम्मीद है. निटश्के ने कहा, ‘हम एक कड़े मुकाबले की उम्मीद कर रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है. यहां के हालात बहुत अच्छे हैं और हर हाल में भारी संख्या में दर्शक होंगे.’

Add Zee News as a Preferred Source


उन्होंने आगे कहा, ‘मैं जानती हूं कि भारत के पास सचमुच एक मजबूत बल्लेबाजी क्रम है. वे हम पर सब कुछ झोंक देंगे, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम उनके लिए तैयार हैं और अब उनकी बल्लेबाजी में भी काफी गहराई है.’ हेड कोच के इस बयान से साफ है कि 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई खेमे में सेमीफाइनल को लेकर प्लानिंग चल रही है.

‘सेमीफाइनल किसी का भी खेल’

टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहने के बावजूद हेड कोच ने अपनी टीम को पसंदीदा मानने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि नॉकआउट मैच किसी का भी हो सकता है. निटश्के ने कहा, ‘सेमीफाइनल किसी का भी खेल होता है, मुझे नहीं लगता कि हम इसमें अंडरडॉग या फेवरेट के तौर पर जा रहे हैं. यह काफी हद तक बराबरी का मैदान है. यह एक रोमांचक मैच होने वाला है और जो टीम दबाव पर काबू पाएगी, वही सफल होगी.’

बीते दो मैचों में कप्तान रहीं ताहलिया मैक्ग्रा की व्यक्तिगत फॉर्म पर (6 मैचों में 43 रन) चिंता के सवाल पर, निटश्के ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया. उन्होंने मैक्ग्रा की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा कि, ‘वह बहुत शांत कप्तान हैं और उन्होंने इस जिम्मेदारी को कई बार निभाया है. खिलाड़ी उन्हें बहुत अच्छी तरह से जवाब देते हैं. वह इस भूमिका में बहुत अच्छी तरह से कदम रखती हैं और टीम की कमान संभालती हैं.’

हीली पर सस्पेंस जारी

एलिसा हीली वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में थीं, लेकिन चोट के कारण वह पिछले दो मैच नहीं खेल पाईं. बांग्लादेश के खिलाफ मैच के बाद ट्रेनिंग के दौरान उनकी पिंडली में खिंचाव आ गया था. हीली भारत के खिलाफ विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया की रिकॉर्ड जीत में अहम खिलाड़ी थीं, जहां उन्होंने 331 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल करने में मदद की थी. हेड कोच शेली निटश्के ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम हीली को लेकर आखिरी समय तक इंतजार करेगी. उन्होंने कहा, ‘उन्होंने कल (मंगलवार) अच्छी ट्रेनिंग की. मैं उन्हें कल के मैच से पहले फैसला लेने के लिए जितना हो सके, उतना समय दूंगी.’



Source link