श्रेयस अय्यर के लिए सूर्यकुमार की मां ने की प्रार्थना, जल्द स्वस्थ होने की छठ मैया से लगाई गुहार

श्रेयस अय्यर के लिए सूर्यकुमार की मां ने की प्रार्थना, जल्द स्वस्थ होने की छठ मैया से लगाई गुहार


स्टार भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर सिडनी के एक अस्पताल में हैं. भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के दौरान तीसरे मुकाबले में वह कैच लेते समय गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे. उनकी पसली में और तिल्ली में चोट लगी थी, जिसके बाद इंटरनल ब्लीडिंग के चलते उन्हें ICU में एडमिट करना पड़ा. हालांकि, अब उनकी हालत स्थिर है और रिकवरी मोड में हैं. इस बीच भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की मां का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह छठ पूजा के दौरान अय्यर के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती नजर आ रही हैं. उनके इस वीडियो ने क्रिकेट फैंस के दिल छू लिया.

अय्यर के लिए छठ मैया से प्रार्थना

एक दिल को छू लेने वाले वीडियो में सूर्यकुमार यादव की मां को छठ पूजा के दौरान श्रेयस अय्यर के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करते हुए देखा गया. सूर्यकुमार की बहन ने यह वीडियो शेयर किया, जो तुरंत वायरल हो गया. वीडियो में सूर्यकुमार की मां कह रही हैं, ‘मैं ये बोलना चाहती हूं कि श्रेयस अय्यर के लिए सब लोग प्रार्थना करें कि वो बहुत अच्छे से आ जाए, क्योंकि मैंने कल सुना कि उसकी तबियत ठीक नहीं है. मुझे बिल्कुल अच्छा नहीं लगा.’ खिलाड़ियों के परिवारों के बीच के गहरे रिश्ते को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने बहुत सराहना की है.

Add Zee News as a Preferred Source


कैसे चोटिल हुए थे अय्यर?

दरअसल, एलेक्स कैरी का कैच लेने के लिए डाइव लगाते समय उन्हें चोट लगी, जिसके कारण उनकी तिल्ली (spleen) फट गई और अंदरूनी रक्तस्राव (internal bleeding) होने लगा. शुरुआत में वह मैदान से बाहर चले गए थे, लेकिन बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और ICU में भर्ती किया गया.

BCCI ने दिया हेल्थ अपडेट

BCCI ने अय्यर के हेल्थ अपडेट को लेकर दिए एक बयान में कहा, ‘चोट की पहचान तुरंत कर ली गई थी और अंदरूनी रक्तस्राव को रोक दिया गया है.’ बोर्ड ने बताया, ‘उनकी हालत अब स्थिर है और वह निगरानी में हैं. मंगलवार, 28 अक्टूबर को दोबारा किए गए स्कैन में काफी सुधार दिखा है और श्रेयस अब ठीक होने की राह पर हैं. उनकी प्रगति पर BCCI की मेडिकल टीम और सिडनी व भारत के विशेषज्ञ लगातार नजर रखे हुए हैं.’

सूर्यकुमार यादव ने भी दिया था अपडेट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले T20I मैच से पहले सूर्यकुमार यादव ने अय्यर की सेहत में सुधार की जानकारी दी था. उन्होंने कहा, ‘जब हमने कैच लेते हुए बाहर से देखा तो यह सामान्य लगा, लेकिन बाद में हमें बताया गया कि उनकी हालत गंभीर है और उन्हें तुरंत इलाज की जरूरत है. यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी जो बहुत कम होती है, लेकिन कभी-कभी दुर्लभ प्रतिभाओं के साथ दुर्लभ घटनाएं हो जाती हैं. भगवान उनके साथ हैं. वह बहुत अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं. डॉक्टर उनका साथ दे रहे हैं और BCCI भी पूरी मदद कर रहा है. वह जल्दी ही ठीक हो जाएंगे, और फिर हम उन्हें अपने साथ घर ले जाएंगे.’





Source link