वनडे क्रिकेट में बल्लेबाज से लेकर गेंदबाज तक मैच जीताने में अहम भूमिका निभाते हैं. क्रिकेट का यह फॉर्मेट रोमांच से भरा होता है. इस फॉर्मेट में बल्लेबाज खूब रन बनाते हैं. कई खिलाड़ियों ने ऐसी ऐतिहासिक पारियां खेली हैं, जो शायद ही भविष्य में कोई तोड़ पाएगा. वनडे क्रिकेट में बल्लेबाज पारी की शुरुआत में संभालकर खेलते हैं फिर एक बार टिक जाने के बाद वह शतक और दोहरे शतक में अपनी पारी को तब्दील कर देते हैं. ठीक इसी तरह गेंदबाज भी इस फॉर्मेट में अपनी धारदार गेंदबाजी की बदौलत मैच को पलटने का माद्दा रखते हैं, कई गेंदबाजों ने एक से एक बड़े कीर्तिमान स्थापित किए हैं. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों के बारे में.
मिचेल स्टार्क
लिस्ट में नंबर 1 पर दुनिया के खूंखार तेज गेंदबाजों में से एक मिचेल स्टार्क का नाम है. स्टार्क ने कारनामा 6 जून 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था. नॉटिंघम में खेले गए इस मुकाबले के दौरान स्टार्क ने महज अपने करियर के 77वें वनडे मैच में सबसे तेज 150 विकेट लेकर इतिहास रच दिया था.
सकलैन मुश्ताक
पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज सकलैन मुश्ताक इस मामले में दूसरे पायदान पर हैं. उन्होंने ये कारनामा 16 जनवरी 1998 में भारत के खिलाफ खेले गए मुकाबले में किया था. मुस्ताक ने ढाका क्रिकेट ग्राउंड में अपने करियर का 78 वें मैच कीर्तिमान स्थापित किया था.
राशिद खान
लिस्ट में तीसरे नंबर पर अफगानिस्तान के फिरकी के जादूगर राशिद खान का नाम है. राशिद ने 28 फरवरी 2022 को चट्टोग्राम में खेले गए मुकाबले में ये रिकॉर्ड कायम किया था. उन्होंने ये कारनामा 80वें मैच में किया था.
मोहम्मद शमी
लिस्ट में चौथे पायदान पर भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम है. उन्होंने 12 जुलाई 2022 को इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में खेले मुकाबले में ये कीर्तिमान कायम किया था. शमी ने अपने करियर के 80वें मैच ये रिकॉर्ड स्थापित किया था.
ट्रेंट बोल्ट
लिस्ट में पांचवें और आखिरी पायदान पर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का नाम काबिज है. बोल्ट ने ये कारनामा 5 जून 2019 को द ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर बांग्लादेश के खिलाफ किया था. उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए 81 मैचों का सहारा लिया था.
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार के निशाने पर इस दिग्गज का रिकॉर्ड, T20I में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले 3 खिलाड़ी, देखें पूरी लिस्ट