NZ vs ENG: वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां चरम पर हैं. सभी टीमें मेगा टूर्नामेंट की तैयारियों में तेजी से जुटी हैं. कुछ टीमें एक के बाद एक सीरीज में जीत दर्ज कर रही हैं तो कुछ की हालत पतली है. इनमें से एक इंग्लैंड की टीम भी है जो पिछले दो सालों से हार की बेड़ियों में कसी नजर आ रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा है. दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लिश टीम को 5 विकेट से एकतरफा अंदाज में रौंद दिया. पिछली 8 वनडे सीरीज में इंग्लिश टीम महज एक ही सीरीज जीतने में कामयाब हुई है.
ऑलआउट हुई इंग्लैंड
दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरना शुरू हो गई. जिमी ओवरटन के 42 जबकि हैरी ब्रूक के 34 रन की बदौलत टीम 175 का स्कोर बनाने में कामयाब हुई और 36 ओवर में ही ऑलआउट हो गई. जवाब में न्यूजीलैंड ने शानदार अंदाज में जीत दर्ज कर सीरीज पर अजेय बढ़त बना ली है.
इंग्लैंड ने जीती महज 1 सीरीज
इंग्लैंड की टीम वर्ल्ड कप 2023 के बाद वनडे में महज एक सीरीज जीतने में कामयाब हुई है वो भी वेस्टइंडीज के खिलाफ. 2023 वर्ल्ड कप के बाद टीम ने कुल 25 मुकाबले खेले हैं जिसमें 17 बार हार जबकि 8 बार जीत मिली है. इंग्लैंड की ऐसी हालत देखकर कप्तान हैरी ब्रूक काफी निराश नजर आए. वर्ल्ड कप 2027 तक इंग्लैंड में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें.. गायकवाड़ की दरियादिली… दोहरा शतक जड़ने वाले पृथ्वी के साथ शेयर किया अपना अवॉर्ड, फिर पढ़े कसीदे
क्या बोले हैरी ब्रूक?
हैरी ब्रूक ने सीरीज गंवाने के बाद कहा, ‘कम से कम यह तो निराशाजनक है, लेकिन हमें रविवार को और भी मजबूत और बेहतर होकर वापस आना है. उम्मीद है कि दुनिया की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर मौजूद इन लड़कों के खिलाफ कम से कम एक जीत हासिल करेंगे. उन्होंने अच्छा खेला है, उन्होंने पहले दो मैचों में हमसे बेहतर खेला है. कंडीशन इंग्लैंड जैसा ही है. नई गेंद से का असर देखने को मिलता है. ये बैटिंग के लिए अच्छी विकेट हैं, लेकिन बस अपनी इनिंग के पहले पीरियड, पहले 15-20 गेंदों से निकलना है और फिर आपको उसका फायदा उठाना है.’