आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइटराइडर्स ने बड़ा ऐलान किया है. दरअसल, अभिषेक नायर को फ्रेंचाइजी ने हेड कोच नियुक्त किया है. ऐसा माना जा रहा था कि अभिषेक नायर के केकेआर से जुड़ने के बाद रोहित शर्मा भी कोलकाता टीम का हिस्सा बन जाएंगे, क्योंकि दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं. इन अटकलों के बीच मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है, जिससे साफ हो गया कि वह MI को छोड़कर कहीं नहीं जा रहे.
MI को अलविदा कह रहे रोहित?
साल 2024 में रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस ने अपना कप्तान बनाया था. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले का भारी विरोध हुआ था. टीम भी दो हिस्सों में बंटी नजर आई और उस सीजन प्रदर्शन बेहद खराब रहा. माना जा रहा था कि रोहित आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस से अलग हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. आईपीएल 2025 से पहले रोहित को लेकर मुंबई इंडियंस की तरफ से बड़ा बयान दिया गया है. रोहित शर्मा के बेहद करीबी अभिषेक नायर को केकेआर ने आईपीएल 2026 के लिए अपना हेड नियुक्त किया है. नायर के केकेआर का हेड कोच बनने की चर्चा लंबे समय से चल रही थी.
चर्चा यह भी चल रही थी कि नायर के हेड कोच बनने के बाद रोहित शर्मा भी मुंबई की जगह केकेआर टीम से जुड़ सकते हैं. रोहित को 2024 में एक वायरल वीडियो में नायर से यह कहते सुना गया था कि मुंबई के साथ उनका आखिरी सीजन है. रोहित का यह बयान भी मुंबई से उनके अलग होने की वजह माना जा रहा था. MI ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए रोहित के टीम से अलग होने की चर्चा पर विराम लगा दिया है.
फ्रेंचाइजी ने किया पोस्ट
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि रोहित केकेआर में नहीं जा रहे हैं. टीम ने लिखा, ‘सूर्य का कल उगना निश्चित है, लेकिन (K)night में मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है.’ टीम ने रोहित शर्मा की एक मुस्कुराती हुई फोटो शेयर की है. टीम से अलग होने की चर्चाओं के बीच MI ने आईपीएल 2025 से पहले रोहित शर्मा को 16 करोड़ 30 लाख में रिटेन किया था.
— Mumbai Indians (@mipaltan) October 30, 2025
रोहित शर्मा न सिर्फ टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं, बल्कि अपनी कप्तानी में रोहित ने एमआई को लीग की सफलतम टीम भी बनाया है. 2013 से 2022 के बीच रोहित की कप्तानी में MI ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है. MI के अलावा एमएस धोनी की कप्तानी में CSK ने ही 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है.