अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरुवार सुबह रिमझिम बारिश के बीच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे बैधाई और जियाजीपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और खाद वितरण केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण में कई
.
ग्राम बैधाई के आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की स्थिति, मोरिंगा पाउडर की उपलब्धता, वजन मशीन और बच्चों को मिलने वाले नाश्ते व भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों से बातचीत में पता चला कि विद्यालय में शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं होते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक विद्यालय बैधाई में शिक्षक संतोष भगत अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया। आदेश में कहा गया कि प्राथमिक शिक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर रहते हुए शैक्षणिक कार्यों में रुचि न लेना गंभीर कदाचार है।
इसी तरह, जियाजीपुर प्राथमिक विद्यालय में भी निरीक्षण के समय न तो कोई शिक्षक मौजूद था और न ही कोई छात्र। यहां पदस्थ शिक्षक नीलम सिंह टडैया अनुपस्थित मिलीं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। दोनों निलंबित शिक्षकों का मुख्यालय अब विकासखंड शिक्षा अधिकारी, चंदेरी कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
कलेक्टर आदित्य सिंह ने जियाजीपुर के खाद वितरण स्थल का भी दौरा किया। यहां गोदाम बंद मिला और किसानों को यूरिया वितरित नहीं किया जा रहा था। समिति प्रबंधक सहित कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता से जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देखिए तस्वीरें…
अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का जायजा लिया।

कलेक्टर आदित्य सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।