दतिया में किशोर न्याय बोर्ड में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
दतिया किशोर न्याय बोर्ड में कार्यरत मुहर्रिर आरक्षक राजो अहिरवार ने थाने में प्रतिवेदन दिया था। जिसमें बताया गया कि आरोपी नईम खान पिता शकूर खान (20) निवासी बासन का पुरा, हरदौल मोहल्ला को न्यायालय में पेश कराया गया था। वह कोर्ट मुंशी की अभिरक्षा में था। इसी दौरान आरोपी ने धक्का-मुक्की कर राजो अहिरवार को हटाया और मौके से फरार हो गया।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई FIR
इस घटना की जानकारी न्यायालय को दी गई, जिस पर माननीय न्यायाधीश संध्या देवेश मिश्रा, प्रधान मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड दतिया ने तत्काल आदेश जारी करते हुए आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
आदेश के पालन में कोतवाली पुलिस ने संदीप कौराव द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।