खंडवा के इमलीपुरा स्थित शकर तालाब क्षेत्र में आवारा कुत्ते के काटने से शुक्रवार को 7 साल की बालिका की मौत हो गई। परिजन समझ ही नहीं पाए इस दौरान उसके पूरे शरीर में रैबीज हो गया। शरीर में झटके और मुंह से लार बहने के 12 घंटे के दौरान बालिका की दर्दनाक म
.
शक्कर तालाब निवासी अर्शिन पिता शाहरुख कुरैशी (7) दो महीने पहले घर के बाहर खेल रही थी, तब आवारा कुत्तों ने बच्चों पर हमला करने से अफरा-तफरी मची। अर्शिन भी बाहर से अंदर की ओर घर में आई। तब उसकी दादी शहनाज बी ने अर्शिन के सिर में पेशानी पर चोट का निशान देखने पर बाहर बच्चों से पूछा तो उन्होंने कहा कि अर्शिन को कुत्ते ने हमारे सामने नहीं काटा। इसके बाद दादी ने चोट लगने वाली जगह पर चूना भर दिया। कुछ दिन बाद अर्शिन का जख्म सूख गया।
डॉक्टर ने बताया- रैबीज शरीर में फैल गया शहनाज बी ने बताया कि गुरुवार (30 अक्टूबर) की सुबह अर्शिन को झटके आने लगे। कुत्ते की तरह आवाज निकालने लगी तो हम लोग घबरा गए। डॉक्टर के पास लेकर गए तो उन्होंने पानी का गिलास बुलाया जिसमें अर्शिन ने झांककर देखा तो वह कुत्ते की आवाज निकालने लगी। उसके मुंह से लार भी बह रही थी।
डॉक्टर ने चेकअप के बाद कहा कि बच्ची को रैबीज हो गया है। आपने काफी देरी कर दी पूरे शरीर में रैबीज फैल गया। अब भगवान ही बचा सकता है। बालिका को लेकर हम अपने घर पहुंच गए। वह काफी परेशान हो रही थी। चिल्ला रही थी उसे जैसे तैसे दिनभर संभालकर रखा।
गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 1 बजे अर्शिन ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह बालिका को दफनाने के बाद डॉक्टरों को पूरा घटनाक्रम बताया तो उन्होंने परिवार के सभी 10 सदस्यों को एंटी रैबीज लगाने को कहा। सभी को जिला अस्पताल में रैबीज इंजेक्शन लगाए गए।
परिवार के सभी लोगों को रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए थे।