When is India vs South Africa Final: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में शिकस्त देकर महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है. टीम इंडिया तीसरी बार महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. उसका सामना साउथ अफ्रीका से होना है, जिसने इंग्लैंड को मात देकर खिताबी भिड़ंत के लिए क्वालीफाई किया. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 339 रन का विशाल लक्ष्य दिया था, जिसे जेमिमा रोड्रिग्स के नाबाद 127 रन और हरमनप्रीत कौर की 89 रन की कप्तानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 48.3 ओवर में हासिल कर लिया. महिला वनडे में यह अब तक का सबसे बड़ा सफल लक्ष्य का रिकॉर्ड है.
तीसरी बार फाइनल में भारत
भारतीय महिला टीम तीसरी बार वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. 2005 में सबसे पहले भारत ने खिताबी जंग का टिकट कटाया था, लेकिन ट्रॉफी जीतने से चूक गई. 2017 में ऑस्ट्रेलिया को ही सेमीफाइनल में धूल चटाकर भारत फाइनल में पहुंचा, लेकिन एक बार फिर ट्रॉफी जीतने का सपना अधूरा रह गया. अब हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी के पास अपनी पहली वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने का सुनहरा मौका है.
25 साल बाद मिलेगा नया चैंपियन
महिला वर्ल्ड कप को नया चैंपियन मिलने वाला है. 25 साल पहले 2000 में न्यूजीलैंड ने ट्रॉफी उठाई थी. न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही यह टूर्नामेंट जीतने में सफल रहे हैं. न तो अब तक भारत और ना ही साउथ अफ्रीका महिला वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने में कामयाब हुआ. ऐसे में जो भी टीम आगामी फाइनल जीतेगी, पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब उठाएगी. न्यूजीलैंड ने सिर्फ एक ही बार ट्रॉफी उठाई है, जबकि इंग्लैंड चार बार टूर्नामेंट जीती है. ऑस्ट्रेलिया 7 बार महिला वर्ल्ड कप जीतकर सबसे सफल टीम बनी हुई है.
महिला वनडे वर्ल्ड कप की चैंपियन टीमें
1973: इंग्लैंड
1978: ऑस्ट्रेलिया
1982: ऑस्ट्रेलिया
1988: ऑस्ट्रेलिया
1993: इंग्लैंड
1997: ऑस्ट्रेलिया
2000: न्यूजीलैंड
2005: ऑस्ट्रेलिया
2009: इंग्लैंड
2013: ऑस्ट्रेलिया
2017: इंग्लैंड
2022: ऑस्ट्रेलिया
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत vs साउथ अफ्रीका का फाइनल कब खेला जाएगा?
भारत और साउथ अफ्रीका महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भिड़ेंगे. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा.