डिंडौरी में शुक्रवार को राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने हाई कोर्ट के आदेश पर एक दो मंजिला इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई करंजिया विकासखंड के किरंगी गांव में शासकीय जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ की गई।
.
शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाया थी इमारत
बजाग एसडीएम राम बाबू देवांगन ने बताया कि रघुराज बंजारा नामक व्यक्ति ने शासकीय जमीन पर कब्जा कर यह दो मंजिला इमारत बनाई थी।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद नायब तहसीलदार करंजिया ने 15 मई को बेदखली की कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के खिलाफ रघुराज बंजारा ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की, जिसे कोर्ट ने खारिज करते हुए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने का आदेश दिया।
जमीन की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपए
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार शैलेश गौर, थाना प्रभारी नरेंद्र पाल और समनापुर थाना प्रभारी हरिशंकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में राजस्व और पुलिस बल मौजूद रहा। अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस शासकीय भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपए आंकी गई है।
इस अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे।