IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी20 मैच फैंस के लिए पैसा वसूल साबित नहीं हुआ. टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से मात देकर 5 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 से बढ़तबना ली है. इस मुकाबले के बाद सूर्यकुमार यादव निराश नजर आए. भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही. पहले मैच में शानदार टच में दिखने वाले सूर्या और शुभमन गिल दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार करने में कामयाब हुए. अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक ठोक टीम इंडिया की लाज बचाई.
17 साल बाद मेलबर्न में हार
मेलबर्न में टीम इंडिया की टी20 फॉर्मेट में बादशाहत लंबे समय से चली आ रही थी. लेकिन इस मुकाबले में यह बादशाहत खत्म हुई और 17 साल बाद मेलबर्न में भारत कोई टी20 मैच हारा है. खराब बल्लेबाजी के चलते टीम इंडिया बोर्ड पर महज 125 रन लगाने में कामयाब हुई थी. ऑस्ट्रेलिया ने मामूली से लक्ष्य को 15 ओवर्स से पहले ही चेज कर भारत को टी20 में गेंदों के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी हार दी.
क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
स्काई ने मैच हारने के बाद पहले ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जोश हेजलवुड की तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘जिस तरह से उसने पावरप्ले में बॉलिंग की. अगर आप जल्दी चार विकेट गंवा देते हैं, तो रिकवर करना बहुत मुश्किल होता है. इसका क्रेडिट उसे जाता है, उन्होंने बहुत अच्छी बॉलिंग की.’ इसके अलावा टीम इंडिया के लिए 68 रन ठोकने वाले अभिषेक शर्मा की भी तारीफ की और बताया कि उनकी टीम कैसे जीतने में कामयाब हो सकती थी.
इस फॉर्मूले से जीत सकता था भारत
उन्होंने अभिषेक शर्मा की तारीफ की और कहा, ‘वह कुछ समय से ऐसा ही कर रहा है. वह अपना गेम जानता है, अपनी पहचान जानता है और यह अच्छा है कि वह इसे बदल नहीं रहा है. इसी वजह से उसे सफलता मिली है. उम्मीद है कि वह इसी तरह खेलता रहेगा और हमारे लिए ऐसी ही कई और पारियां खेलेगा.’
ये भी पढे़ं.. IND vs AUS: बैटिंग फुस्स, बॉलर्स ने खड़े कर दिए हाथ.. मेलबर्न में टीम इंडिया की एकतरफा हार, अभिषेक की मेहनत बेकार
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा. टीम इंडिया के लिए ये मुकाबला करो या मरो की स्थिति के समान होगा. सूर्या ने अगले मैच के लिए कहा, ‘हमें वही करना होगा जो हमने पहले गेम में किया था. अगर हम पहले बैटिंग कर रहे हैं तो बहुत अच्छी बैटिंग करें, बोर्ड पर अच्छे रन बनाएं और फिर बाहर आकर उन्हें डिफेंड करें.’