किसान का अस्पताल में इलाज जारी।
छतरपुर जिले के लवकुशनगर इलाके में शुक्रवार शाम खेत में पंप चलाने के दौरान करंट लगने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां हालत नाजुक बनी हुई है।
.
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-5 लवकुशनगर निवासी 70 वर्षीय कल्लू कुशवाहा विनोद रिछारिया के खेत में बटाई पर खेती करते हैं। शाम के समय वे पंप चलाने के लिए खेत पहुंचे थे। उनका बेटा लल्लन पेड़ पर चढ़कर टूटे बिजली तार को सुधार रहा था।
तार सुधारते समय अचानक वह 11 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन से टकरा गया। तेज करंट फैलते ही कल्लू कुशवाहा के ऊपर आग के गोले गिरे और उनके कपड़ों में आग लग गई। पास में मौजूद लोगों ने दौड़कर आग बुझाई और उनके कपड़े फाड़कर हटाए।
70% तक शरीर झुलसा, बर्न वार्ड में भर्ती
गंभीर रूप से झुलसे किसान को तुरंत लवकुशनगर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया है कि उनकी गर्दन के नीचे लगभग 70% तक जलन है और बर्न वार्ड में उपचार जारी है। परिजन ने बताया कि बरसात के दौरान तार टूट गए थे। शुक्रवार को उसी को ठीक किया जा रहा था कि यह हादसा हो गया।