देवास में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित किया गया।
.
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश गान से हुआ। इसके बाद लोक गायक शंकरलाल धौलपुरिया और उनकी टीम ने सांस्कृतिक व देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। घुंघरू नृत्य संस्थान की बालिकाओं ने भी नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर देवास विधायक गायत्री राजे पवार, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, बागली विधायक मुरली भंवरा और महापौर गीता अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मध्यप्रदेश को देश का हृदय स्थल बताया और सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में लगातार विकास कार्य कर रही है, जिससे प्रगति और उन्नति हो रही है। सरकार आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए कार्य कर रही है, जिसमें विकसित मध्यप्रदेश का योगदान महत्वपूर्ण है।
मंत्री सिलावट ने जोर दिया कि देश की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों के विकास से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर गांव में सड़क, बिजली और घर-घर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश के किसानों ने गेहूं उत्पादन में पंजाब को पीछे छोड़ दिया है।
शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि समाज की दशा और दिशा शिक्षा के माध्यम से बदली जा सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विश्वविद्यालय और विद्यालय बनाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति को मध्यप्रदेश सरकार ने सबसे पहले लागू किया। प्रदेश में वर्तमान में 17 मेडिकल कॉलेज हैं और पीपीपी मोड पर और मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया।