सहारनपुर : ‘मंज़िल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है. यह पंक्तियां सहारनपुर की तीन बेटियों कल्पना, वंशिका सैनी और मनीषा पर एकदम सटीक बैठती हैं. इन तीनों ने संघर्षों के बीच मेहनत और जज़्बे की बदौलत यूपी की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाकर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है.
सबसे पहले बात करते हैं कल्पना की. कल्पना सरसावा के गांव सौराना की रहने वाली हैं. उनके पिता महेंद्र सिंह मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं. तीन बहनों और एक भाई में कल्पना ही परिवार की पहली लड़की हैं, जिसने खेल की दुनिया में कदम रखा. मुश्किल हालातों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी. उनका सपना भारतीय टीम के लिए खेलना है, और वह लगातार उसी दिशा में मेहनत कर रही हैं. इससे पहले भी वह कई बार प्रदेश स्तर पर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं.
साइकिल से जाती थी 25 KM दूर
वहीं, वंशिका सैनी की कहानी भी प्रेरणादायक है. नकुड़ के गांव हसनपुर की रहने वाली वंशिका गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता ओमवीर सैनी पहले ट्रक चालक थे और अब खेती करते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद वंशिका ने हार नहीं मानी. क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के चलते वह रोजाना 25 किलोमीटर साइकिल चलाकर सहारनपुर शहर में अभ्यास करने आती थीं. उनकी यह मेहनत रंग लाई, और आज वह एक बार फिर यूपी की अंडर-19 टीम का हिस्सा बनी हैं.
पैरालिसिस से पीड़ित हैं मनीषा के पिता
वहीं मनीषा, जो मूल रूप से मुरादाबाद की हैं लेकिन अब सहारनपुर में रहती हैं, टीम में उपकप्तान के रूप में चयनित हुई हैं. उनके पिता ओम प्रकाश सिंह पैरालिसिस से पीड़ित हैं, लेकिन मनीषा ने इस कठिनाई को भी अपनी प्रेरणा बना लिया. आज उनका परिवार गर्व से कहता है कि उनकी बेटी ने मुश्किलों के बावजूद अपने हौसले से नया इतिहास रचा है.
टीम की उप कप्तान है मनीषा
सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी मशकूर अहमद ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है कि उत्तर प्रदेश की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में सहारनपुर की तीन बेटियों का चयन हुआ है. इनमें सबसे खास बात यह है कि सहारनपुर की ही मनीषा को टीम का वाइस कैप्टन बनाया गया है, जबकि वंशिका सैनी और कल्पना टीम की मुख्य खिलाड़ी के रूप में शामिल हैं. उत्तर प्रदेश की यह 22 सदस्यीय टीम भिलाई (मध्य प्रदेश) में होने वाले बीसीसीआई टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी.
प्रतिभा का लोहा मनवा रहे खिलाड़ी
मशकूर अहमद ने बताया कि सहारनपुर का क्रिकेट लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है. यहां के खिलाड़ी चाहे लड़के हों या लड़कियां हर स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन मोहम्मद अकरम को जाता है, जिनकी मेहनत और मार्गदर्शन से जिले के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. एसोसिएशन हर खिलाड़ी को बेहतर ट्रेनिंग, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराता है.
सहारनपुर में लगातार बढ़ रहा क्रिकेट का जुनून
तीनों बेटियां सहारनपुर के ग्रामीण क्षेत्रों से हैं और किसान परिवारों से ताल्लुक रखती हैं. ऐसे में सीमित सुविधाओं के बावजूद उनका इस मुकाम तक पहुंचना बेहद प्रेरणादायक है. मशकूर अहमद ने बताया कि सहारनपुर में क्रिकेट का जुनून लगातार बढ़ रहा है. यहां के खिलाड़ी पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं जैसे मोहम्मद अयान, जो इंडिया अंडर-19 टीम के कप्तान रह चुके हैं, और वासु वत्स, जो इंडिया अंडर-19 टीम के विजेता सदस्य रहे हैं.