INDW vs RSAW World Cup Final: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ICC विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला कल यानी रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा. नवी मुंबई में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले इस विमेंस वर्ल्ड कप फाइनल में भारी बारिश का खतरा है. महाराष्ट्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यह ब्लॉकबस्टर फाइनल मैच कल यानी रविवार को खेला जाएगा, लेकिन मौसम का पूर्वानुमान ज्यादा अच्छा नहीं है.
वर्ल्ड कप फाइनल पर बारिश का खतरा?
वर्ल्ड कप फाइनल मैच से एक दिन पहले यानी शनिवार को, बारिश की लगभग 86 प्रतिशत संभावना है. आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम में सुधार होने की संभावना है. रविवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है और 63 प्रतिशत बारिश की संभावना है. रविवार को शाम 4 बजे से 7 बजे के बीच बारिश की 50 प्रतिशत से ज्यादा संभावना है. डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच पहले ही वर्ल्ड कप का एक मैच बारिश की भेंट चढ़ चुका है और फाइनल के लिए भी मौसम का पूर्वानुमान बहुत आशाजनक नहीं है.
बारिश के कारण रद्द हो गया वर्ल्ड कप फाइनल तो कौन उठाएगा ट्रॉफी?
विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मैच के दौरान अगर बारिश होती है और मैच रद्द हो जाता है, तो एक बड़ा सवाल यह है कि कौन सी टीम चैंपियन घोषित होगी. विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के कई मैच बारिश के कारण प्रभावित हुए हैं, जबकि कुछ रद्द भी हुए हैं. इसी वजह से फाइनल के लिए एक रिजर्व डे रखा गया है. अगर 2 नवंबर को बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है या इसमें रुकावट आती है, तो 3 नवंबर को उसी स्थान से खेल फिर से शुरू होगा. अगर इसके बाद भी कोई नतीजा नहीं निकलता है, तो लीग स्टेज में सबसे ज्यादा अंक वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा.
मैच रद्द होने पर भारत को नुकसान होगा
अगर बारिश के कारण वर्ल्ड कप फाइनल मैच रद्द हो गया तो साउथ अफ्रीका की टीम वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाएगी. ऐसे में भारत का सपना एक बार फिर टूट जाएगा. साउथ अफ्रीका की टीम ने लीग स्टेज में सात में से पांच मैच जीतकर 10 अंक हासिल किए थे, जिससे वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर थी. वहीं, भारत ने अपने सात मैचों में से केवल तीन मैच जीते, तीन मैच हारे और एक मैच बारिश के कारण धुल गया, जिससे उसे 7 अंक मिले और वह चौथे स्थान पर रहा. इस तरह, भारत को निराशा का सामना करना पड़ेगा.
यह एक नाइंसाफी की तरह ही होगा
अगर विमेंस वर्ल्ड कप का फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो भारत के लिए यह एक नाइंसाफी की तरह ही होगा, क्योंकि टीम इंडिया ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है. ऐसे में बारिश उसकी पूरी मेहनत पर पानी फेर सकती है. टीम इंडिया पूरा मैच खेलकर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतना डिजर्व करती हैं. बता दें कि न तो भारत और न ही साउथ अफ्रीका ने कभी महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता है. साउथ अफ्रीका पहली बार फाइनल में पहुंचा है, जबकि भारत तीसरी बार फाइनल में आया है.
क्या वर्ल्ड कप फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे रखा गया है?
अगर वर्ल्ड कप फाइनल मैच रविवार को पूरा नहीं हो पाता है, तो एक रिजर्व डे रखा गया है, लेकिन सोमवार को भी बारिश होने की 50 प्रतिशत से ज्यादा संभावना है. अंपायर रविवार को ही पूरा मैच करवाना चाहेंगे, भले ही इसके लिए मैच छोटा ही क्यों न खेलना पड़े. बता दें कि साउथ अफ्रीका ने लीग स्टेज में भारत को हराया है.