बैतूल जिले में ट्रेन यात्रा के दौरान उत्तराखंड निवासी एक युवक की तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोक सिंह (32) पुत्र विक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो ग्राम तोली, तहसील देवप्रयाग, जिला टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड) के निवासी थे।
.
वह अपने चचेरे भाई महेश के साथ दक्षिण एक्सप्रेस से हैदराबाद से दिल्ली जा रहे थे। दोनों हैदराबाद में एक होटल में कार्यरत थे।
यात्रा के दौरान त्रिलोक सिंह को अचानक सीने में तेज दर्द उठा। इस पर वे घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर उतर गए। उन्हें तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बैतूल जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एम्बुलेंस में ही त्रिलोक सिंह का निधन हो गया। सूत्रों के अनुसार, मृतक का परिवार कल बैतूल पहुंचेगा। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।