सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत जूरी मार्केट में देर रात एक सड़क हादसा हुआ। देवउठनी एकादशी के अवसर पर पूजा के बाद बाजार जा रहे नई स्कूटी सवार दो युवकों को तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो
.
घायलों में से एक की पहचान 23 वर्षीय राज सिंह पुत्र रमेश सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब सिंह के नाती हैं। दूसरे घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह घटना रात करीब 10 बजे हुई। टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने राहगीरों की मदद से घायलों को कुसमी अस्पताल पहुंचाया। वहां दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की संभावना जताई है।
कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने कहा, “घायलों का इलाज कुसमी अस्पताल में चल रहा है। आवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस फरार बोलेरो वाहन की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं।

