टीकमगढ़ की लिधौरा तहसील में रविवार को प्रशासन ने गोचर भूमि पर से अवैध कब्जा हटा दिया। लिधौरा खास में 247 हेक्टेयर गोचर भूमि पर अतिक्रमण था, जिसे हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया।
.
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस मामले को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। संगठनों ने 3 नवंबर से धरना प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
जतारा एसडीएम संजय दुबे और लिधौरा तहसीलदार ओपी गुप्ता की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की गई। पुलिस प्रशासन और थाना प्रभारी संदीप चौधरी के सहयोग से लिधौरा-महेवा रोड पर सुनरई ग्राम से लगी लिधौरा खास की लगभग 50 एकड़ गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
दरअसल, इस गोचर भूमि पर कब्जे के कारण गोवंश को चारे-पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था, जिससे वे भूखे-प्यासे भटक रहे थे। इसके अलावा, गोवंश के खेतों में घुसने से किसानों की फसलों को भी नुकसान हो रहा था।
जतारा एसडीएम संजय दुबे ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि वे स्वतः ही गोचर भूमि से कब्जा छोड़ दें, अन्यथा उनके खेतों में भी बुलडोजर चलाया जाएगा। तहसीलदार ओपी गुप्ता ने बताया कि आज 50 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
