स्मृति मंधाना ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में एक महारिकॉर्ड अपने नाम किया. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 298 रन का बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगाया. शेफाली वर्मा (87) और दीप्ति शर्मा (58 ) के बल्ले से अर्धशतक निकले इस खिताबी जंग में मंधाना ने 45 रन बनाए. इसके साथ ही वह महिला वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गईं. मंधाना ने मिताली राज का रिकॉर्ड ध्वस्त किया.
मंधाना ने तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड
इस पारी के साथ ही स्मृति अब महिला वनडे वर्ल्ड कप के किसी एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं. उनके 434 रनों ने दिग्गज मिताली राज के 409 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जो इंग्लैंड में 2017 वर्ल्ड कप के दौरान बनाया था. इस एडिशन में भारत फाइनल तक तो पहुंचा था, लेकिन खिताब से चूक गया था.
महिला वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय
स्मृति मंधाना – 9 मैच, 434 रन (2025)
मिताली राज – 9 मैच, 409 रन (2017)
पूनम राउत – 9 मैच, 381 रन (2017)
हरमनप्रीत कौर – 9 मैच, 359 रन (2017)
स्मृति मंधाना – 7 मैच, 327 रन (2021/22)
भारत ने बनाए 298 रन
भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए हैं. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 104 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की मजबूत नींव रखी. मंधाना पहले विकेट के रूप में 58 गेंद पर 45 रन की पारी खेलकर आउट हुईं. शेफाली ने जेमिमा रोड्रिग्स 24 के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की.
शतक से चूकीं शेफाली
शेफाली शतक का मौका चूक गईं और 78 गेंद पर 2 छक्के और 7 चौकों की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुईं. ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने. दीप्ति 58 गेंद पर 58 रन बनाकर आखिरी गेंद पर रन आउट हुईं. राधा यादव 3 रन बनाकर नाबाद रहीं. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 29 गेंद पर 20 रन बनाए, अमनजोत कौर ने 14 गेंद पर 12, ऋचा घोष ने 24 गेंद पर बेहद अहम 34 रन की पारी खेली.