श्योपुर-पाली हाईवे पर बाइक सवार मां-बेटे की मौत: पिता गंभीर घायल, कोटा रेफर; कार ने मारी टक्कर; ड्राइवर फरार – Sheopur News

श्योपुर-पाली हाईवे पर बाइक सवार मां-बेटे की मौत:  पिता गंभीर घायल, कोटा रेफर; कार ने मारी टक्कर; ड्राइवर फरार – Sheopur News


श्योपुर-पाली हाईवे पर रविवार शाम रायपुरा बगीची के पास एक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार के बाइक को टक्कर मारने से हुआ है।

.

सोंईकला निवासी मलखान बैरवा अपनी पत्नी रानू बैरवा (35) और बेटे अरूप बैरवा (7) के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे जब वे पाली हाईवे पर रायपुरा बगीची के पास पहुंचे, तभी श्योपुर से सोंईकला जा रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

मृतकों और घायल को सिविल अस्पताल लाया गया।

बाइक सवार कई मीटर तक घिसटते चले गए

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। तीनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रानू बैरवा और उनके बेटे अरूप बैरवा को मृत घोषित कर दिया।

मलखान बैरवा गंभीर रूप से घायल हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कोटा रेफर किया जा रहा है।

कार चालक मौके से फरार

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक कार को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि फरार कार चालक की पहचान की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link