खरगोन जिले के झिरन्या क्षेत्र में स्थित अपरवेदा बांध से सोमवार रात 11 बजे 35 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा। यह निर्णय बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है।
.
बांध के अपस्ट्रीम में लगातार पानी की आवक बनी हुई है, जिसके कारण जलस्तर को बनाए रखना आवश्यक है। अपरवेदा बांध की पूर्ण भराव क्षमता 317 मीटर है, और इसे बनाए रखने के लिए पानी छोड़ा जा रहा है।
अपरवेदा परियोजना के सहायक यंत्री शुभम दुबे ने बताया कि बांध का एक गेट 0.30 मीटर तक खोला जाएगा। यह गेट रात 11 बजे से रात 2 बजे तक खुला रहेगा। पानी छोड़े जाने से वेदा नदी के निचले हिस्सों में स्थित रपटों और पुलियाओं पर जलस्तर बढ़ सकता है।
नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों से नदी क्षेत्र में सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है। पिछले तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब बांध से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे पहले 1 नवंबर की रात को भी 35 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया था।